साइबर सेल की मदद से मध्यप्रदेश के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों से तलाशे मोबाइल फोन, असली मालिकों को सौंपे
इंदौर। लसूडिया थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 50 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत 11 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस के अनुसार, नागरिकों ने मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए लसूडिया पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से मोबाइल फोन की तलाश की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सैमसंग, वीवो, ओप्पो सहित विभिन्न कंपनियों के 50 से अधिक मोबाइल बरामद किए गए। मोबाइल की तलाश में पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही दूसरे राज्यों में भी प्रयास किए।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में लौटाए मोबाइल
थाना प्रभारी राजकुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमरेंद्र सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त विजय नगर पराग सैनी मौजूद रहे।
गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने खुशी जताई और इंदौर पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
मोबाइल गुम होने पर क्या करें?
इंदौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत के साथ मोबाइल का IMEI नंबर और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा, भारत सरकार के आधिकारिक CEIR पोर्टल https://www.ceir.gov.in पर भी गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसकी तलाश में मदद मिल सकती है।
Thank you for reading this post!
