इंदौर में ईरूफ के पहले फाउंडर्स एडिशन का आयोजन, 40 युवा उद्यमियों को मिला ‘40 अंडर 40’ सम्मान
इंदौर l इंदौर में उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईरूफ के पहले फाउंडर्स एडिशन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप फाउंडर्स, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और युवा उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बिजनेस विस्तार, बदलते बाजार की चुनौतियों और नए विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
स्नैपडील CEO ने बताए बिजनेस की सफलता के मंत्र
इस दौरान अचिंत सेतिया ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी बिजनेस को सफल बनाने और आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट सोच, मजबूत टीम, ग्राहकों का विश्वास और समय के साथ सही निर्णय लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने बिजनेस को बड़े स्तर पर ले जाने, डिजिटल बदलावों को अपनाने और ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार बिजनेस मॉडल तैयार करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
40 युवा उद्यमियों को मिला ‘40 अंडर 40’ अवॉर्ड
कार्यक्रम के दौरान ईरूफ की ओर से ‘40 अंडर 40’ अवॉर्ड भी प्रदान किए गए। इसके तहत 40 वर्ष से कम उम्र के 40 सफल उद्यमियों और बिजनेस फाउंडर्स को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। ये सम्मान स्नैपडील के CEO अचिंत सेतिया द्वारा प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें भविष्य में नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।
छोटे शहरों में उद्यमिता को बढ़ावा देना हमारा लक्ष्य: हिमांशु चतुर्वेदी
ईरूफ के फाउंडर हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा कि हमारा उद्देश्य इंदौर सहित देश के टियर-2 शहरों में उद्यमिता के लिए एक मजबूत और सहयोगी इकोसिस्टम तैयार करना है। ऐसा मंच विकसित करना जरूरी है, जहां युवा उद्यमियों को अपने विचारों को बिजनेस में बदलने के लिए सही मार्गदर्शन, नेटवर्क और अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि छोटे शहरों में प्रतिभा और नए विचारों की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही पहचान, प्रोत्साहन और अवसर देने की है। फाउंडर्स एडिशन और ‘40 अंडर 40’ अवॉर्ड इसी दिशा में उठाया गया कदम है।
‘Insights, Ideas, Impact’ रही कार्यक्रम की थीम
‘Insights, Ideas, Impact’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उद्यमियों को अपने अनुभव साझा करने, नए बिजनेस आइडियाज पर चर्चा करने और एक-दूसरे के साथ नेटवर्किंग करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के माध्यम से इंदौर में स्टार्टअप कल्चर, उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवा बिजनेस लीडर्स को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
Thank you for reading this post!
