25 हजार धावकों के जुटने का लक्ष्य
10, 5 और 3 किलोमीटर की श्रेणियों में होगी दौड़, जल संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश लेकर दौड़ेंगे शहरवासी; अब तक 15 हजार से अधिक पंजीयन
इंदौर। शहर में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ जल संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 29 नवंबर को ‘वन इंदौर रन इंदौर’ मैराथन आयोजित की जाएगी। यूनाइटेड इंदौर के बैनर तले महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में लगातार दूसरे वर्ष हो रहे इस आयोजन में 25 हजार धावकों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 15 हजार से अधिक लोग पंजीयन करा चुके हैं।
मैराथन की शुरुआत दशहरा मैदान से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। वहीं, पूर्व भारतीय फुटबॉलर रणजीत बजाज और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मुख्य अतिथि के रूप में आयोजन में शामिल होंगे।
10, 5 और 3 किलोमीटर की होगी दौड़
मैराथन में तीन श्रेणियां रखी गई हैं। 10 किलोमीटर की दौड़ में पेशेवर और अनुभवी धावक हिस्सा लेंगे। इसमें दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों से प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है। 5 किलोमीटर की दौड़ फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों के लिए होगी, जबकि 3 किलोमीटर की फैमिली रन में परिवार के सदस्य एक साथ दौड़कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।
जुम्बा सहित होंगी फिटनेस गतिविधियां, मिलेंगे पुरस्कार
मैराथन के दौरान जुम्बा सहित कई फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। 10 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान हासिल करने वाले धावक को 15 हजार रुपए और दूसरे स्थान पर आने वाले को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। 5 और 3 किलोमीटर की श्रेणियों में भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
धावकों के लिए मेडिकल टीम और पार्किंग की व्यवस्था
आयोजन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेडिकल टीम, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग के इंतजाम किए जा रहे हैं। धावकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी। पंजीयन कराने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को टी-शर्ट, पानी की बोतल, बैग और अन्य उपयोगी सामग्री से युक्त गुडी बैग दिया जाएगा।
जनभागीदारी से फिटनेस और जागरूकता को बढ़ावा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि ‘वन इंदौर रन इंदौर’ सिर्फ मैराथन या खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इसके जरिए शहरवासियों को स्वास्थ्य, जल संरक्षण और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने जनभागीदारी के जरिए अपनी पहचान बनाई है। इसी भावना के साथ फिटनेस, जल संरक्षण और नशामुक्ति को भी जनआंदोलन बनाना है। स्वस्थ और जागरूक शहर के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
Thank you for reading this post!
