इंदौर। शहरवासियों को घर बैठे दैनिक सेवाएं उपलब्ध कराने और शहरी गरीबों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘ऑल टाइम’ एप की शुरुआत की गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दीनदयाल अंत्योदय आजीविका योजना के अंतर्गत सिटी लाइवलीहुड सेंटर आधारित इस एप का शुभारंभ किया।
इस मौके पर विधायक गोलू शुक्ला, पार्षद पंखुड़ी डोसी सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने बताया कि एप के माध्यम से प्लंबिंग, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, फैब्रिकेटर, पेंटिंग और ब्यूटी पार्लर जैसी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर निर्धारित दरों पर उपलब्ध होंगी।
ऑन-डिमांड सेवाएं उपलब्ध
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कचरा संग्रहण और फूड डिलीवरी सेवाएं ऑन-डिमांड मिलती हैं, उसी तरह यह एप भी शहरवासियों तक घर-घर सुविधाएं पहुंचाएगा।
महापौर के अनुसार, यह पहल केंद्र सरकार की दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने के साथ शहरी गरीबों को स्थायी रोजगार के अवसर देना है। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जिसे सफल होने पर पूरे शहर में विस्तार दिया जाएगा।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर
एप से जुड़े सभी वेंडर्स का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है, साथ ही उन्हें सेवा और व्यवहार संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। किसी भी शिकायत की स्थिति में संबंधित वेंडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Thank you for reading this post!
