इंदौर के पिगडंबर चौराहे पर किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा चक्काजाम आंदोलन किया। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने ट्रैक्टर खड़े कर सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा एबी रोड के 11 जिलों में 747 स्थानों पर चक्काजाम किया जा रहा है। इंदौर में सुबह से ही किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटने लगे थे। पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में किसानों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। गेहूं खरीदी में अव्यवस्था, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी और किसानों को राहत नहीं मिलने के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में महू, राऊ, मानपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
चक्काजाम के चलते एबी रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने पहले से ट्रैफिक डायवर्ट किया था, इसके बावजूद यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों में बैठे लोग गर्मी से परेशान रहे, जबकि एक एम्बुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पाया और उसे वापस लौटना पड़ा। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
Thank you for reading this post!
