29 नवंबर तक ले सकेंगे पंजाबी जायकों का लुत्फ
इंदौर। शहर के खानपान प्रेमियों के लिए द पार्क इंदौर में खास फूड फेस्टिवल ‘फ्लेवर ऑफ पंजाब’ का आयोजन किया जा रहा है। होटल के एपिसेंटर में आयोजित यह फेस्टिवल 29 नवंबर तक चलेगा। इसमें मेहमानों को पंजाब की समृद्ध खानपान संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों के जायकों का अनुभव मिलेगा। शाम 7 बजे से रात 11:30 बजे तक चलने वाले इस फेस्टिवल में तंदूर में तैयार होने वाले लजीज व्यंजनों से लेकर धीमी आंच पर पकाई जाने वाली पारंपरिक दाल और ग्रेवी तक कई खास पकवान परोसे जा रहे हैं।
फेस्टिवल के मेन्यू में पंजाबी खानपान की विविधता को ध्यान में रखते हुए कई खास व्यंजन शामिल किए गए हैं। सूप में टमाटर का अर्क और काले चने का शोरबा परोसा जा रहा है, वहीं स्टार्टर में पंजाबी पनीर टिक्का, मलाई पनीर टिक्का, चपली कबाब और अमृतसरी फिश जैसे विकल्प मौजूद हैं।
मुख्य व्यंजनों में दाल मखनी, दाल अमृतसरी, पनीर लबाबदार और सरसों फिश करी के साथ पटियाला चिकन, हाईवे मखनी मुर्ग और ढाबा गोश्त जैसे पारंपरिक पंजाबी जायकों का स्वाद लिया जा सकता है।
फूड फेस्टिवल का खास आकर्षण इसके लाइव फूड काउंटर हैं, जहां मेहमानों के सामने सरसों का साग-मक्के की रोटी, अमृतसरी कुलचा-छोले, छोले-भटूरे और पनीर टका-टक तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा चाट काउंटर पर टिक्की, पानीपुरी, भल्ला पापड़ी और शकरकंदी चाट भी उपलब्ध रहेगी। खाने के साथ लस्सी, छाछ और विभिन्न पारंपरिक रायते भी परोसे जाएंगे।
मीठे के शौकीनों के लिए डेजर्ट में फिरनी, गुड़ का हलवा, जलेबी और रसमलाई जैसे पारंपरिक विकल्प रखे गए हैं। इस तरह फेस्टिवल में मेहमानों को पंजाबी खानपान के स्टार्टर से लेकर मुख्य भोजन और मिठाइयों तक का स्वाद एक ही जगह मिलेगा।
द पार्क इंदौर के एग्जीक्यूटिव शेफ संतोष यादव ने बताया कि पंजाबी खानपान अपनी भरपूर स्वाद, समृद्ध परंपराओं और मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है। तंदूर में तैयार होने वाले व्यंजनों से लेकर धीमी आंच पर पकाई जाने वाली दाल और ग्रेवी तक, हर पकवान की अपनी अलग पहचान है। ‘फ्लेवर ऑफ पंजाब’ के जरिए मेहमानों को पंजाब के पारंपरिक स्वाद का प्रामाणिक अनुभव देने का प्रयास किया गया है। मेन्यू तैयार करते समय क्षेत्रीय व्यंजनों और पारंपरिक पकाने की विधियों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
द पार्क इंदौर के जनरल मैनेजर अमित भाटिया ने कहा कि इंदौर के लोग खानपान के शौकीन हैं और यहां विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को पसंद किया जाता है। ‘फ्लेवर ऑफ पंजाब’ के माध्यम से मेहमानों को पंजाब की समृद्ध फूड कल्चर और पारंपरिक जायकों से रूबरू कराने का प्रयास है। होटल की कोशिश रहती है कि मेहमानों के लिए ऐसे खास अनुभव प्रस्तुत किए जाएं, जो यादगार बनें। उन्हें विश्वास है कि यह फूड फेस्टिवल अपने खास मेन्यू और प्रामाणिक स्वाद के कारण शहर के फूड लवर्स को पसंद आएगा।
द पार्क इंदौर के एफ एंड बी डायरेक्टर सुदीप कांजीलाल ने कहा कि फूड फेस्टिवल के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों की खानपान संस्कृति और परंपराओं को खास अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। ‘फ्लेवर ऑफ पंजाब’ के माध्यम से इंदौर के लोगों को पंजाब के पारंपरिक जायकों, मेहमाननवाजी और समृद्ध खानपान संस्कृति का अनुभव मिलेगा। उम्मीद है कि यह आयोजन परिवारों और फूड लवर्स के लिए यादगार साबित होगा।
Thank you for reading this post!
