नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट पर कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप
महिलाओं ने सड़क पर फेंकी सब्जियां, निगम अधिकारियों और कारोबारियों के बीच हुई झड़प; नेता प्रतिपक्ष समेत 7 लोगों पर केस दर्ज
इंदौर। शहर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे बुधवार सुबह उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब नगर निगम की रिमूवल टीम सब्जी मंडी हटाने पहुंची। कार्रवाई का सब्जी विक्रेताओं ने विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और निगम कर्मचारियों तथा व्यापारियों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने अपनी सब्जियां सड़क पर फेंक दीं। वहीं, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट पर एक कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। हंगामे के दौरान एक अधिकारी के सड़क पर गिरने की भी जानकारी सामने आई है।
मामले में पुलिस ने नगर निगम नेता प्रतिपक्ष और सब्जी विक्रेताओं सहित सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे गरीबों की आवाज दबाने की कोशिश बताया है।
निगम का दावा- अवैध मंडी हटाई, दो कर्मचारियों को चोट
नगर निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव के मुताबिक, टीम फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लग रही अवैध सब्जी मंडी को हटाने पहुंची थी। व्यापारियों को समझाइश दी जा रही थी, लेकिन इसी दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अधिकारी के अनुसार, घटना में दो कर्मचारियों को चोट आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी खाली करा दी गई है और अब यहां दोबारा दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी।
महिला सब्जी विक्रेताओं ने भी दर्ज कराई आपत्ति
कार्रवाई से नाराज महिला सब्जी विक्रेता भी विरोध में उतर आईं। उनका कहना है कि मंडी हटाने के दौरान उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचीं और कार्रवाई के तरीके पर आपत्ति जताई।
नेता प्रतिपक्ष बोलीं- लिखित आदेश दिखाने को कहा था
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने मौके पर अधिकारियों से मंडी हटाने का लिखित आदेश दिखाने को कहा था। उनका कहना था कि लिखित आदेश मिलने पर वे कार्रवाई में पूरा सहयोग करने को तैयार थीं, लेकिन अधिकारियों ने कोई आदेश नहीं दिखाया और न ही कार्रवाई के अधिकार को लेकर स्पष्ट जवाब दिया।
मिमरोट के अनुसार, सब्जी विक्रेता ब्रिज के नीचे और खुले मैदान में दुकानें लगा रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित नहीं हो रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट की गई, जबकि पुरुषों को घसीटकर ले जाया गया। उन्होंने रिमूवल टीम के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई।
कांग्रेस ने पुलिस और नगर निगम को घेरा
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस नेता गरीबों के हक में आवाज उठाते हैं तो उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज कर दिया जाता है, जबकि कांग्रेस पक्ष के लोगों के साथ हुई कथित मारपीट पर वैसी कार्रवाई नहीं की गई।
चौकसे ने कहा कि करीब साढ़े चार सौ परिवारों की आजीविका का सवाल है। यदि गरीबों के लिए आवाज उठाना अपराध है तो कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस लड़ाई में आगे भी खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर में आम लोगों के साथ कहीं भी अन्याय होगा तो कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी।
महापौर की नीतियों पर भी उठाए सवाल
चिंटू चौकसे ने इस पूरे मामले के लिए महापौर को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन सब्जी विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित हॉकर्स जोन विकसित करने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कारोबारियों के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाता तो आज सैकड़ों परिवारों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
राजू भदौरिया का आरोप- मौके पर मौजूद थे भाजपा कार्यकर्ता
कांग्रेस नेता और पार्षद राजू भदौरिया ने भी निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी शुरू होते ही निगम कर्मचारियों ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें हटाना शुरू कर दिया। व्यापारियों की टाट-पट्टियां हटाई गईं और सब्जियां सड़क पर बिखेर दी गईं। भदौरिया ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के साथ मारपीट की।
सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के मुताबिक, फूटी कोठी पर हुए विवाद के मामले में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष और सब्जी विक्रेताओं सहित कुल सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Thank you for reading this post!
