2632 मतदाता तय करेंगे 23 प्रत्याशियों का भाग्य, पहली बार होगी लाइव काउंटिंग
इंदौर। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव आज (बुधवार) को संपन्न हो रहे हैं। कुल 23 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 2632 मतदाता करेंगे। मतदान के बाद देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। इस बार चुनाव में खास बात यह है कि मतगणना का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
शाम 6 बजे तक मतदान, 7 बजे से काउंटिंग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज द्विवेदी और मीडिया प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि मतदान बुधवार शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके करीब एक घंटे बाद शाम 7 बजे से मतगणना शुरू होगी और देर रात परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महापौर और पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता पुष्यमित्र भार्गव ने भी मतदान किया। उनके साथ पूर्व जस्टिस पीयूष माथुर भी मौजूद रहे। बार परिसर में चुनावी उत्साह का माहौल है और सभी प्रत्याशी अंतिम क्षणों तक मतदाताओं को लुभाने में जुटे हुए हैं।
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर सबसे कड़ा मुकाबला
इस चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए सबसे कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों पदों पर पांच-पांच प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि सह सचिव पद पर दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी:
मनीष यादव, मनीष जैन, गौरव श्रीवास्तव, पवन जोशी और गोविंद पाल सिंह
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी:
अभिषेक तुगनावत, मधुसूदन यादव, धर्मेंद्र साहू, भावना साहू और अपूर्वा शुक्ला
सचिव पद के प्रत्याशी:
गोविंद राव पुरोहित, मनीष गड़कर और नीलेश मनौरे
सह सचिव पद:
ज्ञानेंद्र शर्मा और अमित राज के बीच सीधी टक्कर
कार्यकारिणी सदस्य (5 पद):
अमन मालवीय, तेजस जैन, उत्कर्ष देसाई, आर्निक जैन, बालकृष्ण रॉयल, रश्मेंद्र सूर्यवंशी, शेखर यादव और राहुल पांचाल
पहली बार मतगणना का लाइव प्रसारण
इस बार की सबसे बड़ी खासियत मतगणना का लाइव प्रसारण है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता मनीष द्विवेदी ने बताया कि मतगणना हाईकोर्ट परिसर में बने ग्रीन मतदान केंद्र पर की जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी अधिवक्ता परिणामों की पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे।
40 पोलिंग बूथ, पास के साथ ही प्रवेश
मतदान केंद्र पर 40 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान समाप्ति के बाद सभी बूथों से मतपेटियां मतगणना स्थल पर लाई जाएंगी। मतगणना के दौरान अधिवक्ता सदस्य पास के माध्यम से ही प्रवेश कर सकेंगे। इसके लिए एसोसिएशन का शुल्क जमा करना अनिवार्य है।
Thank you for reading this post!
