मिलेंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
इंदौर। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के मार्गदर्शन में होम स्टे, फार्म स्टे, ग्राम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों के पंजीयन के लिए 1 नवंबर 2026 को इंदौर के होटल अमर विलास में संभाग स्तरीय शिविर एवं कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा।
होम स्टे ओनर्स वेलफेयर सोसाइटी, मध्य प्रदेश के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में इंदौर संभाग के इंदौर, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ, खंडवा और खरगोन जिलों के इच्छुक नागरिक एवं होम स्टे संचालक भाग ले सकेंगे।
जिन लोगों के पास अपना घर, फार्म हाउस, हेरिटेज होम या अन्य आवासीय संपत्ति है, वे मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की होम स्टे योजना 2010 (संशोधित 2026), फार्म स्टे योजना और बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना से जुड़कर पर्यटन गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। इससे संपत्ति मालिकों को अपनी उपलब्ध संपत्तियों का उपयोग कर अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिल सकता है।
होम स्टे ओनर्स वेलफेयर सोसाइटी, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष शरद दीक्षित ने कहा कि होम स्टे, फार्म स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट योजनाएं ग्रामीण एवं स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यशाला का उद्देश्य अधिक से अधिक संपत्ति मालिकों को पर्यटन से जोड़ना और उन्हें उपलब्ध योजनाओं की जानकारी देना है।
कार्यशाला में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी और विषय विशेषज्ञ पंजीयन प्रक्रिया, निरीक्षण व्यवस्था, प्रोत्साहन एवं सब्सिडी, योजनाओं के लाभ, अतिथि पंजीयन और संचालन संबंधी जानकारी देंगे। प्रतिभागियों को पंजीयन फॉर्म भरने तथा जरूरी दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
शरद दीक्षित ने इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी संपत्ति के फोटो और आवश्यक जानकारी के साथ कार्यशाला में पहुंचें, ताकि उन्हें पंजीयन प्रक्रिया में उचित मार्गदर्शन एवं सहायता मिल सके।
Thank you for reading this post!
