इंदौर। जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर 2026 को इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्सन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। मंदिर के आसपास 4 सितंबर को दोपहर 3 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों से इस्कॉन मंदिर तक ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है।
निपानिया की ओर से आने वाले वाहन
निपानिया से इस्कॉन मंदिर की ओर आने वाले चार पहिया वाहनों को शिवा रेस्टोरेंट से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन टीसीएल होते हुए वेलवेट की ओर जाएंगे। वाहनों की पार्किंग वेलवेट गार्डन परिसर या वाघेला मैरिज गार्डन परिसर में की जा सकेगी।
इसके अलावा वाहन बीसीएम हाइट्स होते हुए एडवांस एकेडमी की ओर जाकर आईडीए स्कीम के अंदर वाले रोड पर भी पार्क किए जा सकेंगे।
रेडिसन की ओर से आने वालों के लिए रूट
रेडिसन की ओर से आने वाले वाहन स्टार चौराहा होते हुए लाभगंगा और वेलवेट की ओर जाएंगे। वाहन वेलवेट गार्डन अथवा वाघेला गार्डन परिसर में पार्क किए जा सकेंगे। यहां से श्रद्धालुओं को ई-रिक्शा के माध्यम से इस्कॉन मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
हाईवे और पटेल नगर से आने वाले वाहन
हाईवे तथा पटेल नगर की ओर से आने वाले वाहन लाभगंगा अथवा बेस्ट प्राइज होते हुए वेलवेट गार्डन और वाघेला परिसर में पहुंचकर अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
शाम 3 बजे बाद इन रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद
यातायात पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को शाम 3 बजे से इस्कॉन मंदिर के आसपास किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे। शिवा रेस्टोरेंट और ऑप्शन पार्क कॉलोनी की ओर से इस्कॉन मंदिर गेट की तरफ भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसी तरह शाम 3 बजे से एडवांस एकेडमी की ओर से इस्कॉन मंदिर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इंटरस्टेट और स्लीपर बसों के लिए भी बदला रूट
इंटरस्टेट और स्लीपर बसें लाभगंगा से स्टार चौराहा जाने के बजाय कनाड़िया से बेस्ट प्राइज होते हुए वेलवेट, लाभगंगा और आरआई-2 रोड से होकर चलेंगी। इसी मार्ग से यात्रियों को उतारने और चढ़ाने का कार्य किया जाएगा तथा बसें इसी रूट से वापस जाएंगी।
श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एडवांस एकेडमी सर्विस रोड पार्किंग, वेलवेट गार्डन परिसर और वाघेला परिसर पार्किंग से इस्कॉन मंदिर समिति द्वारा ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु इन ई-रिक्शा के माध्यम से मंदिर तक आ-जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने इस्कॉन मंदिर के आसपास रहने वाले रहवासियों से भी अपील की है कि वे जन्माष्टमी के अवसर पर निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में सहयोग करें।
Thank you for reading this post!
