आधुनिक संगीत और अध्यात्म का अनोखा संगम, देशभर में छा रहा है बैंड
इंदौर। बदलते दौर के साथ संगीत और भक्ति की शैली भी बदल रही है। आज की युवा पीढ़ी मॉडर्न म्यूजिक की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है, जिसके चलते पारंपरिक भक्ति संगीत से उनका जुड़ाव कम होता जा रहा है। इसी सोच के साथ युवाओं को अध्यात्म और भक्ति से जोड़ने के उद्देश्य से ‘इनर नाद’ बैंड की शुरुआत की गई। यह बैंड आधुनिक संगीत और सनातन संस्कृति का ऐसा अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है, जिसे युवा न केवल सुन रहे हैं बल्कि महसूस भी कर रहे हैं।
‘इनर नाद’ बैंड में सात कलाकार शामिल हैं, जो ‘भजन क्लबिंग’ के अनोखे कॉन्सेप्ट के जरिए भक्ति संगीत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करते हैं। बैंड के फाउंडर अमय नायक ने बताया कि लंबे समय से यह महसूस किया जा रहा था कि युवा पारंपरिक भजनों से जल्दी ऊब जाते हैं। इसी कमी को दूर करने के लिए ‘इनर नाद’ की शुरुआत की गई, ताकि भारतीय संगीत की आत्मा को बनाए रखते हुए उसे आधुनिक रूप दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि बैंड सूफी, हिंदी लाइट म्यूजिक और पारंपरिक भजनों को नए रिदम और आधुनिक अरेंजमेंट के साथ प्रस्तुत करता है। संगीत पूरी तरह भारतीय और भक्तिमय रहता है, लेकिन उसकी प्रस्तुति युवाओं की पसंद के अनुरूप होती है। यही कारण है कि युवा इस संगीत से गहराई से जुड़ रहे हैं।
देशभर में लोकप्रिय हो रहा ‘इनर नाद’
महज एक वर्ष पहले शुरू हुआ यह बैंड अब तक देशभर में 30 से अधिक लाइव परफॉर्मेंस दे चुका है। गोवा, कोंकण, दिल्ली, लखनऊ और कानपुर सहित कई शहरों में शानदार प्रस्तुतियों के बाद अब यह बैंड दुबई में परफॉर्म करने की तैयारी कर रहा है।
बैंड में इंदौर की कलाकार अस्मिता गौरव हर्ष भी सिंगर के रूप में शामिल हैं। वे फिल्म प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। उनके साथ ईशा गौर, कोंठो दास, कार्तिक मिश्रा, साजिद खान, पप्पू दा और फहाद मुख्य कलाकार के रूप में जुड़े हैं। सभी कलाकार संगीत के क्षेत्र में अनुभवी और प्रोफेशनल हैं।
क्या है ‘इनर नाद’ का कॉन्सेप्ट
‘इनर नाद’ बैंड अपने ‘भजन क्लबिंग’ कॉन्सेप्ट के जरिए आध्यात्मिकता को एक नई और ऊर्जावान पहचान दे रहा है। आध्यात्मिक दर्शन में ‘इनर नाद’ का अर्थ ‘अनाहत नाद’ या ‘अनहद नाद’ से है, यानी वह ध्वनि जो बिना किसी टकराव के भीतर गूंजती है।
इसी दर्शन से प्रेरित होकर बैंड ऐसी इमर्सिव लाइव परफॉर्मेंस देता है, जिसमें संगीत केवल सुनाई नहीं देता बल्कि आत्मा तक महसूस होता है। दो से ढाई घंटे का यह लाइव शो शांत और ध्यानपूर्ण सुरों से शुरू होकर हाई-एनर्जी म्यूजिकल पीक तक पहुंचता है।
‘इनर नाद’ केवल एक म्यूजिक बैंड नहीं, बल्कि युवाओं के बीच आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने वाला एक अभियान बनता जा रहा है। यह बैंड युवाओं को यह संदेश दे रहा है कि भक्ति केवल शांत बैठकर करने का माध्यम नहीं, बल्कि संगीत, आनंद और उत्सव के जरिए भी महसूस की जा सकती है।
Thank you for reading this post!
