इंदौर प्राणी संग्रहालय में आने वाले दिनों में नए वन्यप्राणी शामिल होने जा रहे हैं। कर्नाटक के सोमाको जू से चार ऑस्ट्रिच और एक जंगली भैंसा इंदौर लाया जाएगा। इसके बदले इंदौर जू से एक टाइगर भेजा जाएगा, जिसकी तैयारी अंतिम चरण में है। यह आदान-प्रदान एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्राणी संग्रहालय वन्यप्राणियों का परस्पर विनिमय करते हैं। इंदौर जू में इस समय टाइगरों की संख्या अधिक है, इसी कारण कुछ टाइगर अन्य शहरों के जू को दिए जाने पर भी चर्चा चल रही है।
इस योजना के तहत पूर्व में भी कई वन्यप्राणी इंदौर लाए जा चुके हैं। सबसे चर्चित मामला सफेद टाइगर ‘राजन’ का रहा, जिसे बिलासपुर से लाया गया था। दुर्भाग्यवश कोबरा के काटने से उसकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से जू में सफेद टाइगर की कमी बनी हुई है।
जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि निगम की टीम विशेष वाहन के जरिए टाइगर को कर्नाटक पहुंचाएगी और वहां से नए वन्यप्राणियों को लेकर लौटेगी। इसके साथ ही अन्य शहरों के जू से भी संपर्क कर और प्रजातियों को इंदौर लाने की तैयारी की जा रही है।
Thank you for reading this post!
