इंटरनेशनल नर्सेस डे पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नर्सिंग स्टाफ का हुआ विशेष सम्मान
इंदौर । अस्पतालों में डॉक्टर इलाज का प्रमुख चेहरा होते हैं, लेकिन मरीजों की देखभाल, भावनात्मक सहयोग और निरंतर निगरानी में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसी समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से मेदांता हॉस्पिटल इंदौर में इंटरनेशनल नर्सेस डे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान मरीजों के फीडबैक और अनुभवों के आधार पर चयनित 50 से अधिक नर्सों को “स्टार केयर गिवर्स अवार्ड” से सम्मानित किया गया। मरीजों द्वारा भेजे गए प्रशंसा पत्र और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।
इस अवसर पर मेदांता हॉस्पिटल इंदौर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गीद ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं केवल आधुनिक तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर से नहीं, बल्कि मरीजों को मिलने वाली संवेदनशील देखभाल और मानवीय व्यवहार से तय होती हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ मरीजों और उनके परिजनों के लिए सबसे भरोसेमंद कड़ी होता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष इंटरनेशनल नर्सेस डे की सबसे खास बात यह रही कि सम्मानित होने वाली नर्सों का चयन स्वयं मरीजों ने अपने अनुभवों और फीडबैक के आधार पर किया। मरीजों के शब्द और सराहना स्टाफ के लिए किसी बड़े सम्मान से कम नहीं हैं। यह पहल नर्सिंग स्टाफ का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें और बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगी।
Thank you for reading this post!
