विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के तहत आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में देशभर के फार्मेसी विशेषज्ञों ने की शिरकत
इंदौर। भारतीय फार्मेसी परिषद (पीसीआई), नई दिल्ली की ओर से 25 नवंबर को इंदौर में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के तहत राज्यस्तरीय कार्यक्रम ‘फार्मा उत्सव’ का आयोजन किया गया। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में फार्मेसी क्षेत्र के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, कार्यरत फार्मासिस्टों और औषधि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस-एएमआर) की बढ़ती चुनौती के प्रति जागरूकता बढ़ाना, दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करना और जनस्वास्थ्य को मजबूत बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका को रेखांकित करना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल और एंटीबायोटिक के दुरुपयोग को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय फार्मेसी परिषद के उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी, सदस्य मोहम्मद बशीर, मध्य प्रदेश फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय के. जैन सहित पीसीआई और फार्मेसी क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एंटीबायोटिक के दुरुपयोग पर जताई चिंता
विशेषज्ञों ने अपने संबोधन में रोगाणुरोधी प्रतिरोध को स्वास्थ्य क्षेत्र की गंभीर चुनौतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल इस समस्या को बढ़ा रहा है। इसके नियंत्रण के लिए डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और अन्य स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आम लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है।
वक्ताओं ने एंटीबायोटिक के दुरुपयोग को रोकने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की संभावित भूमिका, नए फार्मेसी पाठ्यक्रम की प्रासंगिकता और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी पर भी विचार साझा किए।
विशेषज्ञों ने पैनल चर्चा में रखे विचार
कार्यक्रम में आयोजित पैनल चर्चा में चिकित्सा, फार्मा उद्योग, शिक्षा और क्लिनिकल प्रैक्टिस से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इसमें सीएचएल अस्पताल इंदौर के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.के. तनेजा, इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर एंड स्टेम सेल रिसर्च के अध्यक्ष डॉ. सुखविंदर एस. नैयर, फार्मा सलाहकार एवं सन फार्मा के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय तिवारी, मायलन लेबोरेटरीज के सलाहकार प्रवीण कुमार खत्री, डॉ. सी.आर. पटेल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सविता व्यास शामिल हुए।
चर्चा के दौरान एएमआर के प्रभाव, मरीजों की सुरक्षा, दवाओं के उचित उपयोग और जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, साइंटून (Scitoons) और फार्मा क्विज जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक जानकारी, रचनात्मक सोच और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी समझ प्रदर्शित की।
इसके अलावा टीसीएस, मुंबई के क्लिनिकल ड्रग डेवलपमेंट सलाहकार एवं ग्लोबल हेड डॉ. शिरीष डी. शेरलेकर ने क्लिनिकल ट्रायल, औषधीय अनुसंधान और क्लिनिकल ड्रग डेवलपमेंट पर तकनीकी सत्र लिया। उन्होंने फार्मास्युटिकल क्षेत्र में हो रहे नए शोध और विकास की जानकारी साझा की।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया समापन
कार्यक्रम के समापन सत्र में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राकेश सिंघई सम्मानित अतिथि और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO), इंदौर उप-क्षेत्र के उप औषधि नियंत्रक (भारत) नवनीत प्रताप सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आयोजन के माध्यम से फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने, दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सामूहिक भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
Thank you for reading this post!
