विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस पर अंकुरा हॉस्पिटल और आयु फाउंडेशन की संयुक्त पहल, 5 किलोमीटर की अवेयरनेस वॉक में शामिल होंगे शहरवासी
इंदौर । समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों के संघर्ष, साहस और उनके बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंदौर में रविवार, 15 नवंबर को ‘प्रीमेथॉन 2.0 – वॉक फॉर प्रीमीज’ का आयोजन किया जाएगा। विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस के अवसर पर अंकुरा हॉस्पिटल फॉर वुमेन एंड चिल्ड्रन और आयु फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर आयोजित इस 5 किलोमीटर की अवेयरनेस वॉक में शहरवासी हिस्सा लेकर प्रीमैच्योर बच्चों और उनके परिवारों के प्रति जागरूकता का संदेश देंगे।
इस वर्ष आयोजन की थीम ‘स्ट्रॉन्ग स्टार्ट, ब्राइटर फ्यूचर, टुगेदर फॉर प्रीमीज’ रखी गई है, जो समय से पहले जन्मे बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देती है।
सही देखभाल से जीत सकते हैं हर चुनौती
अंकुरा हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. परितोष आनंद ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रीमैच्योर बच्चों और उनके परिवारों के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सही मेडिकल देखभाल, परिवार का सहयोग और सकारात्मक माहौल मिलने पर समय से पहले जन्मे बच्चे भी जीवन की चुनौतियों को पार कर स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं। आयोजन में शामिल होने वाले पहले 300 प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी।
क्यों जरूरी है प्रीमैच्योरिटी के प्रति जागरूकता?
गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं को प्रीमैच्योर यानी समय पूर्व जन्मा बच्चा कहा जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दुनियाभर में लगभग हर 10 में से एक बच्चे का जन्म समय से पहले होता है। भारत में भी प्रीमैच्योर जन्म एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य चुनौती है।
समय से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं को सांस लेने, शरीर का तापमान नियंत्रित रखने, संक्रमण से बचाव और पर्याप्त पोषण जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, समय पर NICU में उचित उपचार, मां का दूध, कंगारू मदर केयर और नियमित मेडिकल फॉलोअप से इन बच्चों के स्वस्थ विकास में मदद मिल सकती है।
यह रहेगा वॉक का रूट
‘प्रीमेथॉन 2.0 – वॉक फॉर प्रीमीज’ का आयोजन रविवार, 15 नवंबर 2026 को सुबह 6:30 बजे से होगा। 5 किलोमीटर की यह वॉक अंकुरा हॉस्पिटल से शुरू होकर प्रेस्टीज कॉलेज और वृंदावन होटल होते हुए वापस अंकुरा हॉस्पिटल पहुंचेगी।
अंकुरा हॉस्पिटल और आयु फाउंडेशन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार और दोस्तों के साथ इस जागरूकता अभियान में शामिल हों और प्रीमैच्योर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना योगदान दें।
Thank you for reading this post!
