इंदौर। मिलावटखोरों के खिलाफ ‘शुद्ध होली–सुरक्षित इंदौर’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए तीन दल गठित किए गए हैं, जो शहर में सतत निरीक्षण कर रहे हैं। शुक्रवार को एक फैक्ट्री में गंदगी के बीच और बिना वैध अनुज्ञप्ति के गुलाब जामुन का निर्माण होते पाए जाने पर तत्काल खाद्य कारोबार बंद कराया गया।
पालदा स्थित उद्योग नगर के खंडेलवाल कंपाउंड में सतगुरु फूड्स पर औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर विशाल उदासी मौके पर खाद्य निर्माण करते पाए गए। यहां से करीब 1600 किलो शाही गुलाब जामुन जब्त किए गए।
निरीक्षण में निर्माण स्थल पर अत्यधिक गंदगी पाई गई। कच्चा माल बिना पैलेट के अस्वच्छ वातावरण में रखा था तथा पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला। पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इसके अलावा खाद्य निर्माण के लिए वैध अनुज्ञप्ति भी नहीं पाई गई। मौके से 800 ग्राम और 1500 ग्राम पैक के शाही गुलाब जामुन के दो नमूने जांच हेतु लिए गए।
दूसरे दल ने पिपलिया राव स्थित जय नमकीन (प्रोपराइटर संजय गोयल) से नमकीन का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं तीसरे दल ने रणजीत हनुमान मंदिर रोड स्थित राजकमल भोजनालय का औचक निरीक्षण किया। यहां किचन और भंडारण कक्ष की जांच के दौरान खाद्य सामग्री का रखरखाव अव्यवस्थित पाया गया और आवश्यक दस्तावेजों की कमी भी मिली। प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
Thank you for reading this post!
