इंदौर में फैशन, हेयर और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स और उभरती प्रतिभाओं के लिए एक खास मंच तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 30 दिसंबर 2025 को सायाजी होटल, इंदौर में “VOG – विज़न ऑफ़ ग्लैमर” नामक भव्य हाई फैशन, हेयर और ब्यूटी शो का आयोजन होगा। “द स्टोरी ऑफ़ हाई फैशन हेयर एंड ब्यूटी” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें फैशन, हेयर स्टाइलिंग और ब्यूटी से जुड़े कई विशेष सेगमेंट प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस आयोजन की मुख्य अतिथि देश की प्रसिद्ध ब्यूटी एजुकेटर और एसवीजे अकादमी की संस्थापक सीमा वी. जेराजानी होंगी। कार्यक्रम की सूत्रधार द फिनिशिंग स्कूल – ब्यूटी एजुकेशन की संस्थापक उन्नति सिंह ने बताया कि VOG, 15 दिसंबर से शुरू हुए प्रोफेशनल इंटर्नशिप प्रोग्राम “ZEN – ज़ीरो टू एक्सपर्ट नर्चर” का समापन समारोह है। इस इंटर्नशिप में प्रतिदिन 22 से 25 विद्यार्थियों को हेयर, मेकअप और फैशन इंडस्ट्री का प्रैक्टिकल व प्रोफेशनल प्रशिक्षण दिया गया, जिसका लाइव प्रदर्शन गाला शो में किया जाएगा।
VOG का उद्देश्य केवल फैशन शो तक सीमित नहीं है, बल्कि नए टैलेंट को आत्मविश्वास, इंडस्ट्री एक्सपोज़र और प्रोफेशनल सोच देना है। रेड और व्हाइट ड्रेस कोड के साथ यह कार्यक्रम इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स के साथ-साथ आम दर्शकों के लिए भी खुला रहेगा। गाला शो में देश के अनुभवी हेयर और ब्यूटी एक्सपर्ट्स अपनी कला प्रस्तुत करेंगे, जिनमें भास्कर सैकिया, अंशुल मालवीय, कान्हा बाबा, अस्मिता भाटे, संजू भारद्वाज, नीता पारेख, जय पारेख सहित मुंबई के कोरियोग्राफर यतिन गांधी जैसे नाम शामिल हैं। यह आयोजन फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए भी एक अहम मार्गदर्शक मंच साबित होगा।
Thank you for reading this post!
