इंदौर। इंदौर के रंगशाला प्रॉडक्शन के बैनर तले निर्मित आध्यात्मिक फिल्म “आस्था का अतिशय : महिमा स्वस्तिधाम की” का ट्रेलर और टीज़र हाल ही में रिलीज किया गया। इंदौर की प्रॉड्यूसर साधना मादावत जैन एवं इलैशा मादावत जैन द्वारा निर्मित इस फिल्म को लेकर जैन समाज और धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
फिल्म का ट्रेलर 16 मई 2026 को परम पूज्य आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी के पावन सानिध्य में पारस चैनल पर विधिवत लॉन्च किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे।
रंगशाला प्रॉडक्शन द्वारा निर्मित यह फिल्म राजस्थान के जहाजपुर स्थित पवित्र स्वस्तिधाम तीर्थक्षेत्र की आध्यात्मिक महिमा, भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी के अतिशय तथा जैन धर्म की तपस्वी परंपरा पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक मुकेश दुबे ने किया है। इसका निर्माण स्वस्तिधाम तीर्थक्षेत्र प्रबंधकारिणी समिति, जहाजपुर (राजस्थान) के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
फिल्म का प्रथम भव्य प्रदर्शन 21 जून 2026 को कोटा में परम पूज्य आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु, समाजजन और धर्मप्रेमी शामिल होंगे।
फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें स्वस्तिधाम तीर्थक्षेत्र में विराजित भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी की अतिशयकारी प्रतिमा की दिव्य महिमा को श्रद्धा और भावनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया गया है। वर्षों से यहां दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था, आत्मिक शांति और आध्यात्मिक अनुभवों को फिल्म में प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है।
फिल्म के कथानक में जैन धर्म के 20वें तीर्थंकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी के जीवन, त्याग, तप, करुणा और धर्म प्रभावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही स्वस्तिधाम तीर्थक्षेत्र की प्रणेत्री परम पूज्य आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी के तप, वैराग्य और धर्म साधना से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।
तकनीकी रूप से भी फिल्म काफी समृद्ध है। इसका लेखन दीपक डोंगरा ने किया है, जबकि छायांकन अनिकेत घोगले द्वारा किया गया है। फिल्म का संगीत प्रणय प्रधान ने तैयार किया है तथा गीत निर्देशक मुकेश दुबे ने लिखे हैं। सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक उदित नारायण के साथ प्रियाणी वाणी और अदिति कोठारी ने गीतों को स्वर दिए हैं।
फिल्म की एडिटिंग इलैशा मादावत जैन और ललित ने की है। वॉइस ओवर अमित रॉय ने दिया है। वहीं प्रॉडक्शन हेड अनूप जैन, कलरिस्ट अंकित पांडे, साउंड डिज़ाइन दीपक मंडल और साउंड रिकॉर्डिस्ट सुजीत सिंह ने तकनीकी पक्ष को प्रभावशाली बनाया है।
धर्म, संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और जैन संस्कृति का जीवंत दस्तावेज बनने जा रही है। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही इसे दर्शकों और समाजजनों का सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है।
फिल्म का ट्रेलर पारस चैनल और रंगशाला प्रॉडक्शन के यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
Thank you for reading this post!
