इंदौर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित नंदनवन कॉलोनी में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां चार साल की मासूम बच्ची की कार में दम घुटने से मौत हो गई। बच्ची अपने दादा-दादी और अन्य बच्चों के साथ कार से एक वर्कशॉप गई थी। लौटते समय वह कार में ही सो गई थी।
जानकारी के अनुसार, घर पहुंचने के बाद सभी लोग कार से उतर गए, लेकिन बच्ची कार में ही सोती रह गई। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्ची कार के अंदर बेसुध हालत में मिली। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया। शुरुआती जांच में गर्मी और कार के अंदर ऑक्सीजन की कमी के चलते दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिवार के परिचितों के अनुसार, रविवार को बच्ची अपने दादा-दादी और अन्य बच्चों के साथ वर्कशॉप गई थी। वहां से लौटने के बाद सभी लोग कार से उतर गए, लेकिन हाजरा कार में ही सोती रह गई। बताया जा रहा है कि बच्ची को कहीं भी सो जाने की आदत थी, जिसके चलते किसी का ध्यान उस पर नहीं गया।
काफी देर बाद जब वह घर में नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में कार में देखने पर वह बेसुध मिली। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार के अन्य सदस्य उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं। बताया गया कि बच्ची के पिता लोहे के कारोबारी हैं। परिवार में दो बेटियां और एक छोटा बेटा है, जिनमें हाजरा दूसरी संतान थी।
जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता के मुताबिक, यह घटना रविवार दोपहर की है। नंदनवन कॉलोनी निवासी हसन नूर की चार वर्षीय बेटी हाजरा की इस हादसे में मौत हुई है। पुलिस को मामले की जानकारी एक निजी अस्पताल से मिली थी। बताया गया कि बच्ची दोपहर करीब 12 बजे कार में सो गई थी। करीब तीन बजे जब उसे देखा गया तो वह बेहोश हालत में मिली। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिवार के सदस्यों के बयान नहीं हो सके हैं। जांच में जो भी लापरवाही सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Thank you for reading this post!
