Indore : इंदौर के थाना बाणगंगा क्षेत्र के अंतर्गत बरदरी इलाके से एक 5 वर्षीय बच्चे के भटकने की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस नियंत्रण कक्ष डायल-112, भोपाल को दिनांक 17 अप्रैल 2026 को प्रातः 09:43 बजे प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि एक छोटा बच्चा घर का रास्ता भटककर अकेला मिला है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल-112 के आरक्षक रामवीर एवं पायलट शैलेन्द्र तोमर मौके पर पहुँचे और बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। बच्चा इतना छोटा था कि वह अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी देने में असमर्थ था।
टीम ने बच्चे को एफआरवी वाहन में साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में परिजनों की तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान एक लड़की मिली, जिसने स्वयं को बच्चे की बड़ी बहन बताया। उसने जानकारी दी कि उनकी माँ फैक्ट्री में काम करने गई हुई थीं और घर पर कोई नहीं था। इसी बीच बच्चा घर से निकल गया और रास्ता भटककर गुम हो गया।
डायल-112 की टीम बच्चे और उसकी बहन को साथ लेकर उनकी माँ के पास फैक्ट्री पहुँची। परिजन की पहचान एवं सत्यापन के पश्चात बच्चे को सकुशल उसकी माँ को सौंप दिया गया। माँ ने अपने लाडले को सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
Thank you for reading this post!
