-
पहले ही दिन 560 लोगों ने कराई 32 प्रकार की जांचें
-
मधुमेह व मोटापे से मुक्ति का अभियान, रविवार को भी जारी रहेगा शिविर
इंदौर। अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति, बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर छठे निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्वर्गीय श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति को समर्पित इस शिविर में पहले ही दिन 560 समाज बंधुओं ने मधुमेह, मोटापा, थायराइड, किडनी, लीवर, हृदय एवं रक्तचाप सहित 32 प्रकार की जांचें निःशुल्क कराईं। इस दौरान 12 यूनिट रक्त का संग्रह भी किया गया।
शिविर संयोजक किशोर गोयल, नितिन अग्रवाल एवं तृप्ति गोयल ने बताया कि यह अभियान गत 21-22 फरवरी से प्रारंभ हुआ है, जिसमें अब तक शहर में 5 बड़े शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें लगभग 5,600 समाज बंधु लाभान्वित हो चुके हैं। अभियान के प्रथम चरण में 5,000 परिवारों अर्थात लगभग 20,000 समाज बंधुओं को इस स्वास्थ्य अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया गया है।
अभियान के सूत्रधार विनोद अग्रवाल एवं केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल ने कहा कि व्यावसायिक व्यस्तता के कारण समाज बंधु प्रायः अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते, जिससे कम उम्र में ही कई बीमारियाँ घेर लेती हैं। इस अभियान का उद्देश्य यही है कि प्रत्येक समाज बंधु स्वस्थ और निरोगी रहे तथा परिवार, समाज और राष्ट्र की सेवा में सदैव सक्रिय रह सके।
रविवार को भी जारी रहेगा शिविर — हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन की डॉ. विनिता कोठारी एवं डॉ. अरुण अग्रवाल के नेतृत्व में 20 चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जांचें करेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, पार्षद बरखा मालू एवं डॉ. विनिता कोठारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
Thank you for reading this post!
