अभिभावकों ने जताई चिंता
इंदौर। शहर के प्रतिष्ठित शिशुकुंज स्कूल, झलारिया में शनिवार को लंच के बाद कई छात्रों की तबीयत खराब होने का मामला सामने आया है। कुछ बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन को बड़ी संख्या में शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ अभिभावक स्कूल परिसर में अपनी नाराजगी व्यक्त करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में लंच करने के बाद कुछ छात्रों ने अस्वस्थ महसूस करने की शिकायत की। इसके बाद कई अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया। स्कूल प्रशासन के मुताबिक, उन्हें करीब 30 से 35 अभिभावकों के ई-मेल प्राप्त हुए हैं, जिनमें बच्चों के बीमार होने की जानकारी दी गई है।
स्कूल की कोऑर्डिनेटर रिचा तिवारी ने बताया कि स्कूल में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि स्कूल की किचन पूरी तरह खुली है और यहां केवल आरओ का पानी उपयोग किया जाता है। साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं तथा अभिभावक किसी भी समय किचन का निरीक्षण कर सकते हैं।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि किसी छात्र के अस्पताल में भर्ती होने की आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं मिली है, लेकिन अभिभावकों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
फिलहाल मामले को लेकर अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच संवाद जारी है तथा बच्चों की तबीयत खराब होने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Thank you for reading this post!
