इंदौर। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 के रहवासियों को जल्द ही बेहतर सड़क और सीवर सुविधाएं मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक प्रस्तावित सड़क और प्राइमरी-आंतरिक सीवर लाइन निर्माण कार्यों का रिमोट के माध्यम से भूमि-पूजन किया। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल करीब 15.90 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ एवं तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे क्षेत्रों में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार जनहित और विकास के कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से इस बीमारी के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से इसके प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
1.30 किलोमीटर लंबी बनेगी सड़क
मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत झोन क्रमांक-8, वार्ड क्रमांक-37 में तुलसी नगर से निपानिया तक लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क इंदौर विकास योजना-2021 के अनुसार 30 मीटर चौड़ाई में विकसित होगी।
करीब 13.62 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना में सीमेंट कंक्रीट सड़क, फुटपाथ निर्माण, सीवर चैंबर सुदृढ़ीकरण और विद्युत लाइन शिफ्टिंग सहित कई अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं। वहीं, 2.64 करोड़ रुपए की लागत से प्राइमरी एवं आंतरिक सीवर लाइन का निर्माण किया जाएगा।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
नई सड़क बनने से तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम एवेन्यू, महालक्ष्मी नगर और आसपास के इलाकों के हजारों रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
सड़क निर्माण का कार्य भोपाल की मेसर्स केएन नारंग्स कंपनी द्वारा किया जाएगा, जबकि सुपरविजन और क्वालिटी कंट्रोल की जिम्मेदारी इंदौर की एसएनएस एसोसिएट्स को सौंपी गई है।
कनाड़िया रोड-खजराना रोड लिंक रोड और फ्लाईओवर की घोषणा
भूमि-पूजन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक लगभग 1400 मीटर लंबी लिंक रोड बनाने की घोषणा भी की। इसके अलावा पूर्वी रिंग रोड से रॉबट चौराहे तक 6 लेन फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा की गई, जिसकी अनुमानित लागत करीब 50 करोड़ रुपए बताई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए भी राज्य सरकार ठोस कदम उठाने का प्रयास करेगी।
स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को मिला लाभ
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दो हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से 50-50 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए। राहुल मर्मट और जगदीश उपाध्याय को मुख्यमंत्री ने मंच से लाभ राशि प्रदान की।
Thank you for reading this post!
