इंदौर। शहर के प्रतिष्ठित मेडिकेयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली में आयोजित क्लस्टर ऑफ अचीवर्स (COA) के 37वें संस्करण में अस्पताल को ‘बेस्ट हेल्थकेयर इंस्टीट्यूशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्व विजेता मुक्केबाज, ओलंपिक पदक विजेता और पद्म विभूषण सम्मानित मैरी कॉम के हाथों प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि के साथ मेडिकेयर हॉस्पिटल ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और उत्कृष्ट चिकित्सा व्यवस्था के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत किया है।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. प्रदीप आपटे ने बताया कि मेडिकेयर हॉस्पिटल की स्थापना करीब 40 वर्ष पूर्व चेयरमैन डॉ. राजेंद्र कुमार लाहोटी, डायरेक्टर डॉ. पुरुषोत्तमदास पटवा और उनके संयुक्त प्रयासों से हुई थी। उन्होंने कहा कि डॉ. लाहोटी के मार्गदर्शन और डॉ. पटवा के सहयोग से संस्थान लगातार प्रगति करता रहा है।
डॉ. आपटे ने कहा, “यह सम्मान केवल हमारा नहीं, बल्कि मेडिकेयर की पूरी मेडिकल टीम, कर्मचारियों, शुभचिंतकों और उन हजारों मरीजों का है, जिन्होंने वर्षों से हम पर विश्वास बनाए रखा। यह उपलब्धि हमें भविष्य में और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगी। हमारा उद्देश्य इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और देश के मरीजों को विश्वस्तरीय एवं भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।”
इसी समारोह में अमेरिका की मेरीलैंड स्टेट यूनिवर्सिटी ने डॉ. प्रदीप आपटे को क्लीनिकल बायोकेमिस्ट्री के क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों के उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) से भी सम्मानित किया। यह सम्मान भी मैरी कॉम के हाथों प्रदान किया गया।
यह दोहरी उपलब्धि न केवल मेडिकेयर हॉस्पिटल, बल्कि इंदौर के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।
Thank you for reading this post!
