इंदौर। गहोई वैश्य महिला मंडल, इंदौर की ओर से सावन उत्सव के अवसर पर “गोपी थीम” पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडल की महिला सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। गोपी वेशभूषा में सजी महिलाओं ने नृत्य, संगीत और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
मंडल की अध्यक्ष संध्या गुप्ता ने बताया कि सावन के उल्लास को खास बनाने के लिए इस वर्ष कार्यक्रम की थीम गोपी रखी गई। महिला सदस्य पारंपरिक एवं आकर्षक गोपी वेशभूषा में पहुंचीं, जिससे पूरा आयोजन कृष्णमय और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जूही भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति रही। इंदौर की ‘फर्स्ट लेडी’ के रूप में पहचानी जाने वाली भार्गव ने रेडियो के ‘सुपर वुमन शो’ के माध्यम से महिलाओं की प्रेरणादायी यात्राओं, संघर्षों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया है। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ वे नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता और गौ सेवा जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रही हैं। मंडल की ओर से उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने नृत्य, संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गोपी रूप में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सावन के गीतों और उत्सवी माहौल के बीच सभी सदस्यों ने आपसी मेलजोल, हंसी-खुशी और उत्साह के साथ आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर शिखा खरया, जिन्हें हाल ही में “मिसेज इंडिया ग्लोबल 2026” के सम्मान से नवाजा गया है, का भी गहोई वैश्य महिला मंडल की ओर से सम्मान किया गया। मंडल ने उनकी उपलब्धि को गहोई समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ संरक्षक बसंती खरया, किरण पहाड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना नोगरैया, सचिव रत्ना चौदहा, संजरी चौदहा तथा कोषाध्यक्ष तृप्ति खरया सहित मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
अध्यक्ष संध्या गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक मंच पर जोड़ना, आपसी सद्भाव और आत्मीयता को मजबूत करना तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और सभी महिला सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Thank you for reading this post!
