जन्मदिन पर पौधे भेंट करने की पहल
इंदौर। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के बीच पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल शासन-प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। इसी संदेश के साथ इंदौर में युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक अभियान बनाने की दिशा में पहल की है। मारवाड़ी राठौर समाज धर्मशाला में आयोजित एक समारोह में युवाओं ने सामाजिक एवं निजी आयोजनों में उपहार के रूप में पौधे भेंट करने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संकल्प लिया।
यह पहल पदमवंशी मारवाड़ी राठौर पंचायत ट्रस्ट के युवा कार्यकारिणी अध्यक्ष जयेश मोहनलाल पंचोली के जन्मदिन के अवसर पर की गई। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, समर्थक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
पौधरोपण को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प
जयेश पंचोली ने कहा कि कुछ दिन पहले मानपुर रोड पर पौधरोपण किया गया था। इस दौरान यह महसूस हुआ कि विकास के लिए पेड़ों की कटाई कई बार होती रहेगी, ऐसे में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए लगातार पौधरोपण जरूरी है। इसे केवल कुछ दिनों का अभियान नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने अपने मित्रों और समर्थकों से जन्मदिन पर गिफ्ट देने के बजाय पौधे भेंट करने की अपील की। इसके बाद कई दोस्तों ने पौधे उपहार में दिए। इन पौधों को शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगाया जाएगा और उनकी देखरेख युवाओं एवं स्थानीय रहवासियों द्वारा की जाएगी।
शुभ अवसरों पर पौधे भेंट करने की अपील
समारोह में युवाओं ने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह, वर्षगांठ और अन्य मांगलिक अवसरों पर पारंपरिक उपहारों के साथ-साथ पौधों को भी प्राथमिकता दी जाए। इससे व्यक्तिगत खुशी के अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा सकता है।
युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं पौधरोपण करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उनका कहना था कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने की पहल की सराहना
समारोह में पहुंचे प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने युवाओं की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शुभ अवसरों और मांगलिक आयोजनों में उपहार के स्थान पर पौधे देना प्रकृति को सहेजने की दिशा में अनुकरणीय प्रयास है। समाज के अन्य लोगों को भी इससे प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या और सामाजिक गतिविधियों का हिस्सा बनाना चाहिए।
Thank you for reading this post!
