“जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” थीम पर 56 दुकान पर मातृत्व दिवस का भव्य आयोजन, नारीशक्ति का हुआ सम्मान
इंदौर । मातृत्व, नारी सम्मान और संवेदनशीलता को समर्पित एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक आयोजन रविवार सुबह 56 दुकान परिसर में आयोजित किया गया। हेल्थ केयर सोल्जर द्वारा “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” थीम पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मातृशक्ति, वीर नारियों, सफाई दीदियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साड़ी, गिफ्ट हैंपर एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया और मातृत्व एवं नारीशक्ति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर डॉ. रविन्द्र काले द्वारा विशेष ध्यान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। वहीं इस्कॉन मंदिर इंदौर से आए नंदन प्रभु जी एवं उनकी टोली ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अयान भूषण, सीता, अथर्व तारे, पद्मी कपाड़िया, किया जोशी, महादेव एवं शनाया नेगी ने मां को समर्पित भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों और भावनात्मक अभिव्यक्तियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
इस दौरान कर्नल यादवेंद्र सिंह यादव, मीर रंजन नेगी ने अपने जीवन अनुभव साझा किए। वहीं भारतीय सेना से जुड़े परिवार की सदस्य श्रीमती दीवान ने सेना के जवानों और उनकी अर्धांगनियों के संघर्ष, समर्पण और जीवन से जुड़े अनुभव साझा कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में अमन मसीह के घातक बैंड ने मां को समर्पित मनमोहक संगीत प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। पूरा आयोजन भावनाओं, संस्कृति और सम्मान का अद्भुत संगम बन गया।
हेल्थ केयर सोल्जर के प्रतिनिधि डॉ. संदीप जुल्का ने कहा कि, “मां केवल एक रिश्ता नहीं बल्कि पूरे समाज की शक्ति होती हैं। मातृत्व दिवस उन महिलाओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो हर परिस्थिति में परिवार और समाज को संभालती हैं। हमारा प्रयास है कि समाज में नारी सम्मान और संवेदनशीलता की भावना लगातार मजबूत होती रहे।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में हेल्थ केयर सोल्जर, 56 दुकान व्यापारी संघ, गुंजन के प्रमुख गुंजन शर्मा, श्री राठौर एवं दिव्य के मसाले का विशेष सहयोग रहा। सभी सहयोगियों ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को गिफ्ट हैंपर भेंट कर सम्मानित किया।
Thank you for reading this post!
