आर्किटेक्ट्स एवं डिज़ाइनर्स के लिए होगा एआई सेमिनार
इंदौर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA), इंदौर सेंटर द्वारा 5 जून को एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ वास्तुकला एवं डिज़ाइन क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीकों से पेशेवरों को परिचित कराना है।
तीन घंटे के इस सेमिनार में शहर के आर्किटेक्ट्स, डिज़ाइनर्स और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स भाग लेंगे। कार्यक्रम की संयोजक एवं आईआईए इंदौर सेंटर की सचिव आर्किटेक्ट स्नेहल सोनटक्के ने बताया कि सेमिनार का संचालन आर्किटेक्ट सोमाली सिन्हा द्वारा किया जाएगा। वे प्रतिभागियों को आर्किटेक्चर एवं डिज़ाइन इंडस्ट्री में एआई के व्यावहारिक उपयोग, इसके बढ़ते प्रभाव तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देंगी।
सेमिनार के दौरान एआई आधारित डिज़ाइन टूल्स, प्रभावी प्रेजेंटेशन तकनीक, कंटेंट क्रिएशन, विज़ुअलाइज़ेशन, कार्यक्षमता बढ़ाने के आधुनिक उपायों तथा उद्योग में एआई की बदलती भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आईआईए इंदौर सेंटर के अध्यक्ष आर्किटेक्ट नितिन घुले ने कहा कि यह आयोजन पर्यावरणीय जिम्मेदारी और तकनीकी नवाचार के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा तथा पेशेवरों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईआईए इंदौर सेंटर के कोषाध्यक्ष अर्पित काबरा ने कहा कि यह पहल आर्किटेक्ट्स और डिज़ाइनर्स को पर्यावरणीय संवेदनशीलता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी तथा उन्हें बदलते समय के अनुरूप नई तकनीकों को अपनाने का अवसर प्रदान करेगी।
Thank you for reading this post!
