इंदौर। गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार में आधुनिक चिकित्सा तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इसी दिशा में इंडेक्स हॉस्पिटल में तीन अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर (ओटी) शुरू किए गए हैं। इन ऑपरेशन थिएटरों में संक्रमण नियंत्रण, बेहतर सर्जिकल सुविधाओं और आधुनिक तकनीक पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे कैंसर, न्यूरो, ब्रेन और किडनी से जुड़ी जटिल सर्जरी के लिए अस्पताल की सुविधाओं का विस्तार होगा।
तीन हाईटेक ऑपरेशन थिएटरों का शुभारंभ एसडीएम राहुल गुप्ता और तहसीलदार योगेश मेश्राम ने किया। इस अवसर पर एसडीएम राहुल गुप्ता ने कहा कि तीन आधुनिक ओटी की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इंडेक्स हॉस्पिटल समय की जरूरतों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
तहसीलदार योगेश मेश्राम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत बनाने में आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका है। इस तरह की सुविधाओं से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
संक्रमण नियंत्रण से लेकर जटिल सर्जरी तक आधुनिक व्यवस्था
इंडेक्स हॉस्पिटल के एनेस्थीसिया विभाग के एचओडी डॉ. राकेश गौतम ने बताया कि तीनों ऑपरेशन थिएटरों को अत्याधुनिक चिकित्सा मानकों और तकनीक के अनुरूप तैयार किया गया है। इनमें कैंसर, न्यूरो और किडनी से संबंधित जटिल सर्जरी के लिए आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, भविष्य में उभरने वाली चिकित्सा तकनीकों को अपनाने की संभावनाओं को भी ध्यान में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थिएटरों में संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सर्जरी के दौरान स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन अत्याधुनिक ओटी में रोबोटिक सर्जरी, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, ब्रेन एवं न्यूरो सर्जरी और कैंसर सर्जरी जैसी प्रक्रियाओं के लिए आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
तीन नए ऑपरेशन थिएटर शुरू होने से अस्पताल में जटिल सर्जरी करने की क्षमता का विस्तार होगा। इससे मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
चिकित्सकों और ओटी टीम की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. स्वाति प्रशांत, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. पवन भबानी, एडिशनल डायरेक्टर डॉ. आरसी यादव, डॉ. अंशुल तिवारी, डॉ. ए. एम. नैय्यर, डॉ. संगीता बंसल और डॉ. अभय मनचंदा सहित अन्य चिकित्सक एवं अस्पताल के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ऑपरेशन थिएटर यूनिट में कार्यरत कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
Thank you for reading this post!
