इंदौर, 17 अक्टूबर 2026। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इंदौर में पेशेवरों को नई तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की गई। एमबी एसोसिएट्स की कौशल विकास पहल ‘कौशलम’ के तहत ‘Prompt to Productivity – Master the Art of Working with AI’ विषय पर यह कार्यशाला हुई।
कार्यशाला का संचालन इन्फोसिस, पुणे के बिजनेस एनालिस्ट और AI ट्रेनर विश्वजीत कुलकर्णी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि किस तरह AI टूल्स का इस्तेमाल दैनिक कार्यों को अधिक तेज, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए किया जा सकता है।
ईमेल से रिपोर्ट और प्रेजेंटेशन तक AI का इस्तेमाल
कार्यशाला में ईमेल एवं व्यावसायिक संचार, डेटा एनालिटिक्स, रिसर्च, रिपोर्ट तैयार करने, प्रेजेंटेशन बनाने, योजना तैयार करने, समय प्रबंधन और समस्या समाधान जैसे कार्यों में AI के व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा हुई।
प्रतिभागियों को प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के बारे में भी बताया गया। इसमें AI टूल्स को स्पष्ट और प्रभावी निर्देश देना, बेहतर परिणाम प्राप्त करना और वास्तविक कार्यस्थल से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से अभ्यास करना शामिल रहा।
इसके साथ ही जिम्मेदार AI उपयोग, डेटा गोपनीयता, प्राप्त जानकारी की सटीकता और कार्यस्थल पर AI के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।
AI से जुड़ी व्यावहारिक क्षमता विकसित करना जरूरी: जयकांत पांडेय
आयोजक जयकांत पांडेय ने कहा कि AI अब केवल उभरती हुई तकनीक नहीं है, बल्कि यह काम करने के तरीकों को बदलने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। असली चुनौती AI टूल्स की उपलब्धता नहीं, बल्कि उनका दैनिक कार्यों में सही तरीके से उपयोग करना सीखना है। संस्था का उद्देश्य पेशेवरों को AI की जानकारी देने के साथ-साथ ईमेल लिखने, डेटा का विश्लेषण करने, रिसर्च, योजना बनाने और बेहतर निर्णय लेने जैसे वास्तविक कार्यों में इसका प्रभावी इस्तेमाल करने के लिए सक्षम बनाना है। तकनीक में निवेश तभी सार्थक होता है, जब उससे लोगों की क्षमताओं और कार्यस्थल के परिणामों में वास्तविक सुधार हो।
व्यक्तिगत कार्ययोजना के साथ हुआ समापन
कार्यशाला में व्यावहारिक अभ्यासों के जरिए प्रतिभागियों को AI आधारित कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और सीखी गई तकनीकों को अपने कार्यस्थल पर लागू करने के लिए व्यक्तिगत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
Thank you for reading this post!
