इंदौर। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़े बदलाव के साथ ही छात्रों, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को झटका लगा है। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसिस लिमिटेड (AICTSL) द्वारा मासिक बस पास की कीमत में भारी वृद्धि कर दी गई है। पहले 200 रुपये में मिलने वाला पास अब 600 रुपये में मिलेगा, जिससे हजारों परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
दरअसल, नगर निगम द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता बंद होने के कारण महापौर पास योजना को समाप्त कर दिया गया है। इस योजना के तहत हर महीने करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये की सहायता AICTSL को मिलती थी, जिससे रियायती दरों पर पास उपलब्ध कराए जाते थे।
वहीं, राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना के तहत मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का गठन किया है। इसके बाद AICTSL का दायरा अब केवल नगर निगम सीमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इंदौर संभाग के आठ जिलों तक बस सेवा का विस्तार किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत परिवहन विभाग के अधीन संचालन होगा और इंटर स्टेट, इंट्रा स्टेट, उपनगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में भी बस सेवाएं चलाई जाएंगी। इसके लिए संभाग में 1700 से अधिक बसें संचालित करने की तैयारी की जा रही है।
हालांकि, AICTSL ने 1200 रुपये के मासिक पास पर 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है, जिससे छात्रों, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को यह पास 600 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद, पहले की तुलना में पास 400 रुपये महंगा हो गया है।
AICTSL के सीईओ अर्थ जैन के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत रियायती दर बनाए रखने का प्रयास किया गया है। वहीं, यदि नगर निगम दोबारा आर्थिक सहायता देने का निर्णय लेता है, तो महापौर पास योजना को फिर से शुरू किया जा सकता है।
Thank you for reading this post!
