इंदौर सहित MP के यात्रियों को मिलेगा अयोध्या, काशी, पुरी और कामाख्या दर्शन का अवसर
इंदौर। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे और IRCTC ने ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन’ के माध्यम से ‘पंच महातीर्थ दर्शन यात्रा’ की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन 29 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक संचालित होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को जगन्नाथ पुरी, कामाख्या, गया, वाराणसी और अयोध्या सहित कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इस पैकेज की खास बात यह है कि यात्री EMI सुविधा के जरिए भी यात्रा बुक कर सकेंगे।
IRCTC पश्चिम क्षेत्र, अहमदाबाद की क्षेत्रीय प्रबंधक निकिता अग्रवाल ने बताया कि यह 13 दिन और 12 रात का विशेष धार्मिक टूर है, जिसे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘देखो अपना देश’ अभियान के तहत संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर IRCTC के मुख्य पर्यवेक्षक सूर्यवीर सिंह और मीडिया सलाहकार जितेंद्र कुमार जयंत भी उपस्थित रहे।
इन प्रमुख तीर्थ स्थलों के होंगे दर्शन
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ओडिशा में जगन्नाथ पुरी मंदिर, कोणार्क सूर्य मंदिर और लिंगराज मंदिर, गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर और नवग्रह मंदिर, गया एवं बोधगया में विष्णुपद मंदिर, मां सर्वमंगला गौरी मंदिर और महाबोधि मंदिर, वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और गंगा घाट, जबकि अयोध्या में राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी के दर्शन कराए जाएंगे।
मध्य प्रदेश के यात्री यहां से कर सकेंगे यात्रा
IRCTC के अनुसार मध्य प्रदेश के श्रद्धालु रतलाम, उज्जैन और संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे। वापसी यात्रा में भी इन्हीं स्टेशनों पर उतरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इतना रहेगा पैकेज शुल्क
टूर पैकेज की कीमत (कर सहित) इस प्रकार निर्धारित की गई है—
- स्लीपर क्लास: ₹24,200 प्रति व्यक्ति
- AC 3 टियर: ₹40,100 प्रति व्यक्ति
- AC 2 टियर: ₹49,500 प्रति व्यक्ति
सरकारी कर्मचारी इस यात्रा में LTC सुविधा का लाभ भी ले सकेंगे। वहीं ₹850 प्रति माह की EMI से भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा
यात्रियों को ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन, प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण, शुद्ध शाकाहारी भोजन, यात्रा बीमा और सुरक्षा जैसी सुविधाएं पैकेज में शामिल रहेंगी।
बुकिंग कैसे करें
इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, इंदौर और भोपाल स्थित IRCTC कार्यालयों से भी जानकारी एवं बुकिंग की जा सकती है।
Thank you for reading this post!
