इंदौर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर टीम हेल्थकेयर सोल्जर्स द्वारा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के शौर्य, राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत की रणनीतिक दिशा और डिजिटल युग में भारतीय विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। बड़ी संख्या में संगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए और कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद देशभक्ति गीतों और ओजपूर्ण काव्य पाठ ने पूरे सभागार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के सम्मान में खड़े होकर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसमें डॉ. संदीप जुल्का और उनकी टीम की कारगिल यात्रा के दौरान भारतीय सेना के जवानों के साथ बिताए गए प्रेरणादायी क्षणों को दिखाया गया। डॉक्यूमेंट्री में सीमाओं पर तैनात सैनिकों के समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल यादवेन्द्र जादौन ने “भारत की रणनीतिक दिशा : एक परिप्रेक्ष्य” विषय पर संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध के अनुभव, बदलती सैन्य रणनीति, सीमाओं की चुनौतियां, आधुनिक युद्ध तकनीक, ऑपरेशन सिंदूर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सेना की नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
एलएनसीटी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. संध्या चौकसे ने “डिजिटल युग में भारतीय विरासत” विषय पर कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वर्चुअल रियलिटी और डिजिटल स्टोरीटेलिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भारत के इतिहास, वीर गाथाओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है।
टीम हेल्थकेयर सोल्जर्स के संस्थापक एवं हार्मोन रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप जुल्का ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि संस्था समाज में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार ऐसे आयोजन करती रही है।
सुबह आयोजित देशभक्ति कार्यक्रम में सिक्का स्कूल, डीपीएस इंदौर, लॉरेल्स इंटरनेशनल स्कूल, माँ उमिया गर्ल्स स्कूल, एक्रोपोलिस कॉलेज, एलएनसीटी कॉलेज, एनसीसी, बीएसएफ बैंड और शिशुकुंज स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन भी इस आयोजन से जुड़े।
Thank you for reading this post!
