इंदौर के पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र में स्टार्टअप्स और लघु उद्योगों के लिए जल्द ही नई संभावनाएं खुलने जा रही हैं। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र यहां एक आधुनिक औद्योगिक कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी में है। फेज-वन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, वहीं फेज-टू की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से शुरू हो चुकी है।
प्रस्तावित छह मंजिला इमारत में करीब 100 छोटी-बड़ी औद्योगिक यूनिट्स स्थापित की जाएंगी। फेज-वन के लिए शासन ने 40 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है और इसे करीब डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दोनों चरणों के पूर्ण होने के बाद इस क्षेत्र में लगभग 200 नई इकाइयों को स्थान मिल सकेगा।
यह प्रोजेक्ट करीब 15,500 वर्ग मीटर जमीन पर विकसित किया जाएगा। फेज-वन के लिए डीपीआर और डिजाइन से जुड़े टेंडर मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा खोले जा चुके हैं, जिनमें राज्य सहित अन्य प्रदेशों की पांच एजेंसियों ने रुचि दिखाई है। टेंडर्स को अंतिम स्वीकृति के लिए भोपाल मुख्यालय भेजा गया है, जहां से जल्द निर्णय आने की उम्मीद है। परियोजना की लागत का वहन केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगी।
योजना के तहत ड्रेनेज, जल आपूर्ति, पार्किंग और कैंटीन जैसी बुनियादी सुविधाओं को फेज-वन में ही विकसित किया जाएगा, ताकि फेज-टू में केवल भवन निर्माण पर ध्यान दिया जा सके।
यह बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स विशेष रूप से पैकेजिंग, प्रिंटिंग और आधुनिक स्टार्टअप्स के लिए फायदेमंद साबित होगा। पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र के 64 वर्षों के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। 250 से अधिक सक्रिय इकाइयों और करीब 3,000 करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर वाले इस क्षेत्र में लंबे समय से भूमि की कमी बनी हुई थी। नियमों के उल्लंघन के चलते विभाग को हाल ही में एक बड़ी जमीन वापस मिली है, जिसे अब नए उद्यमियों को अवसर देने के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।
Thank you for reading this post!
