इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” अभियान के तहत 19 जून को सूर्य नमस्कार यज्ञ एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित छायाचित्र प्रतियोगिता में विकास कुमार ने प्रथम, वेदिका वर्मा ने द्वितीय तथा अंजू राजावत एवं विजया दवेसर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सर्वाधिक उपस्थिति पुरस्कार में माधुरी चौहान एवं अश्विनी मिश्रा संयुक्त रूप से प्रथम रहे। डॉ. प्रमोद नंदवाल और स्वीटी महाजन ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि शिखा जैन, प्रतिभा काबरा एवं रेखा चौहान संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
योग के मूलभूत ग्रंथों पर आयोजित व्याख्यान प्रस्तुति प्रतियोगिता में संप्रदा भावसार प्रथम, डॉ. प्रमोद नंदवाल एवं अजीता जैन संयुक्त रूप से द्वितीय तथा अनिल सोमानी तृतीय स्थान पर रहे।
अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विश्व योग दिवस (21 जून) के सामूहिक आयोजन की तैयारियों के तहत सभी साधकों को भ्रामरी प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान हरि ओम योग केंद्र चेरिटेबल ट्रस्ट एवं चोइथराम कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, इंदौर के साधकों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें उपस्थित जनों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में योग विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा, योग मित्र अभियान के संयोजक राकेश चौधरी, इंजी. अनिल अग्रवाल, रौनक सोनी, मनोज वर्मा सहित बड़ी संख्या में योग साधक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विश्व योग दिवस को सफल बनाने के संकल्प और स्वस्थ, जागरूक तथा योगमय समाज के निर्माण के संदेश के साथ हुआ।
Thank you for reading this post!
