इंदौर: पिपल्याहाना स्थित होटल एलएक्स में 32 वर्षीय सोनाली शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ होटल में रुकी थी। घटना के बाद तिलक नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर मौत की वजह जहरीला पदार्थ खाने को बताई है। वहीं, पुलिस को फांसी लगाने से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं।
तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा के अनुसार, नंदानगर निवासी सोनाली करीब दोपहर सवा दो बजे होटल पहुंची थी। लगभग एक घंटे बाद दीपक भी होटल आया। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद दीपक घबराया हुआ रिसेप्शन पर पहुंचा और होटल कर्मचारियों को बताया कि सोनाली की तबीयत खराब है। इसके बाद वह होटल स्टाफ के साथ सोनाली को अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दीपक ने सोनाली के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी और इसके बाद वहां से चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पति से अनबन के बाद कारोबारी के संपर्क में आई थी सोनाली
पुलिस के अनुसार, सोनाली की करीब 15 वर्ष पहले ब्यावरा निवासी संजय शर्मा से शादी हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। करीब चार साल पहले दोनों इंदौर आकर रहने लगे थे। करीब एक साल पहले पति-पत्नी के बीच अनबन के बाद सोनाली संजय से अलग होकर अपने पिता के साथ रहने लगी थी।
सोनाली मुसाखेड़ी स्थित पिंक सिटी के एक ब्यूटी पार्लर में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। इसी दौरान उसकी कारोबारी दीपक खंडेलवाल से दोस्ती हुई। दोनों के बीच मुलाकात होती रहती थी। करीब तीन महीने पहले दीपक की पत्नी ने दोनों को साथ देख लिया था और वह सोनाली के घर भी पहुंची थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत कम हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को संभवत: इसी मामले को लेकर दोनों होटल में बातचीत करने पहुंचे थे। पुलिस ने दीपक खंडेलवाल को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। पालदा-मुसाखेड़ी निवासी दीपक टीनशेड और पाइप का कारोबार करता है।
होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त
थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और उनकी जांच की जा रही है। पुलिस कारोबारी दीपक खंडेलवाल की तलाश कर रही है, ताकि उससे पूछताछ के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
Thank you for reading this post!
