इंदौर। देवास नाका क्षेत्र की सैटेलाइट कॉलोनी में केबल फाइबर कंपनी के 30 वर्षीय कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को उनका शव किराए के मकान के हॉल में फर्श पर सीने के बल पड़ा मिला। पास में कुछ दवाइयां भी रखी थीं। प्रारंभिक आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक की पहचान शिवलेश (30) पिता जनसेवक मिश्रा, निवासी कटनी, हाल मुकाम सैटेलाइट कॉलोनी, देवास नाका के रूप में हुई है। शिवलेश टेलीकॉम कंपनी में केबल फाइबर बिछाने का काम करते थे।
सुबह परिजनों से हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक गुरुवार सुबह शिवलेश से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने सर्दी-जुकाम और अचानक बुखार आने की बात कही थी। परिजनों ने उन्हें डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। इसके बाद शिवलेश ने अपने एक दोस्त को फोन कर डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कहा था।
दोस्त जब उन्हें लेने के लिए निकला और फोन किया तो शिवलेश ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद मकान मालिक की पत्नी नीचे पहुंचीं, जहां उन्होंने शिवलेश को घर के हॉल में फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
पांच महीने पहले हुई थी शादी
शिवलेश की शादी इसी साल फरवरी में आकांक्षा से हुई थी। कुछ दिन पहले ही उनकी पत्नी मायके गई थीं। बताया गया है कि शिवलेश अप्रैल से सैटेलाइट कॉलोनी स्थित किराए के मकान में अकेले रह रहे थे।
शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर कटनी रवाना हो गए।
Thank you for reading this post!
