इंदौर। शहर में अपराध नियंत्रण एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह द्वारा प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-02 अमन सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-02 अमरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना विजयनगर क्षेत्र के C21 Mall एवं Malhar Mega Mall में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से एसीपी विजयनगर एवं थाना प्रभारी विजयनगर के नेतृत्व में ‘विजय पुलिस टीम’ द्वारा विस्तृत सिक्योरिटी ऑडिट किया गया।

ऑडिट के दौरान मॉल की सिक्योरिटी टीम के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए “कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने” के लिए प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की पहचान करने, संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा आपातकालीन स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना देने की प्रक्रिया संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इसके साथ ही मॉल परिसर में आपातकालीन नंबर प्रदर्शित करवाए गए तथा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूचना संबंधी पर्चे भी लगाए गए, ताकि आमजन और सुरक्षा कर्मियों में सतर्कता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मॉल परिसरों को अधिक सुरक्षित बनाते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
Thank you for reading this post!
