‘शिवशाही महानाट्य’ में दिखेंगी अनसुनी गाथाएं
27 से 31 मई तक दशहरा मैदान में होगा भव्य ऐतिहासिक मेगा नाटक, रोजाना शाम 7 बजे से आयोजन
इंदौर । इंदौर इस मई महीने में एक भव्य सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। ‘शिवशाही महानाट्य’ के माध्यम से हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की अनसुनी कहानियों को मंच पर जीवंत किया जाएगा। यह आयोजन 27 से 31 मई 2026 तक इंदौर के दशहरा मैदान में प्रतिदिन शाम 7 बजे आयोजित होगा।

संस्था शिवराय के बैनर तले आयोजित इस महानाट्य को केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि स्वराज्य, संस्कृति और भारतीय गौरव को समर्पित सांस्कृतिक आंदोलन बताया जा रहा है।
संस्था शिवराय के संस्थापक सदस्य एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र अड़सुले ने कहा कि शिवशाही महानाट्य युवा पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों और स्वाभिमान की भावना से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक चेतना को पुनर्जीवित करने का प्रयास है।
इस मेगा नाटक का लेखन, निर्देशन और निर्माण महेंद्र वसंतराव महाडिक ने किया है, जबकि सह-निर्माता रोशन राजेंद्र महाडिक हैं। भव्य सेट, राजसी वेशभूषा, दमदार अभिनय और प्रभावशाली संगीत इसे एक अनूठा अनुभव बनाते हैं।
आयोजन समिति के सचिव रुचिर भोंसले ने कहा कि यह नाटक दर्शकों को केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि इतिहास, गौरव और जिम्मेदारी का एहसास भी कराएगा। वहीं समिति के उपाध्यक्ष हेमंत मुरमरकर ने कहा कि यह आयोजन इंदौर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
‘शिवशाही महानाट्य’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी भव्य प्रस्तुति है। इसमें 250 से अधिक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें टीवी और फिल्म जगत के कलाकार भी शामिल हैं। मंचन में घोड़े, ऊंट और बैलगाड़ियों का वास्तविक उपयोग किया जाएगा। साथ ही मराठी लोककलाओं का प्रदर्शन, पालखी समारोह, शिवाजी महाराज का राजाभिषेक, मराठों और पठानों के युद्ध दृश्य, तोपों की गड़गड़ाहट और अग्निबाणों की प्रस्तुति दर्शकों को इतिहास के उस दौर में ले जाएगी, जहां स्वराज्य का सपना साकार हुआ था।
महानाट्य के लिए 120 फीट लंबा, 80 फीट चौड़ा और पांच मंजिला किले का विशाल सेट तैयार किया गया है। इसके अलावा 18 फीट लंबे जहाज पर कोंकण विजय अभियान का दृश्य, 5.1 सराउंड साउंड, आतिशबाजी और विशेष प्रकाश व्यवस्था इसे भव्य दृश्य अनुभव में बदल देंगे।
महाराष्ट्र और गोवा के कई शहरों — पुणे, नागपुर, रत्नागिरी, नवी मुंबई, परभणी और परली — में इस महानाट्य को दर्शकों का भरपूर प्यार और सराहना मिल चुकी है। अब इंदौर में भी यह आयोजन इतिहास और संस्कृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बनने जा रहा है।
27 से 31 मई तक दशहरा मैदान में आयोजित होने वाला ‘शिवशाही महानाट्य’ दर्शकों को भारतीय इतिहास, स्वराज्य और वीरता का ऐसा अनुभव देगा, जो लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
Thank you for reading this post!
