इंदौर। शहर में गुरुवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आत्महत्या के तीन मामले सामने आए हैं। इनमें एक लॉ स्टूडेंट, एक इंजीनियरिंग छात्र और एक एमपी ऑनलाइन सेंटर संचालक शामिल हैं। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मानसिक तनाव, शिक्षा ऋण का दबाव और व्यक्तिगत परिस्थितियां सामने आई हैं।
एलएलबी पूरी कर कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे युवक ने दी जान
पलासिया थाना क्षेत्र की बड़ी ग्वालटोली निवासी 27 वर्षीय आदर्श सोलंकी ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आदर्श ने इसी वर्ष एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी और कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की थी। उनकी सनद (लाइसेंस) जारी होना बाकी था।
घटना के समय वह घर पर अकेले थे। उनकी मां निजी स्कूल में शिक्षिका हैं और स्कूल गई हुई थीं। शाम को लौटने पर उन्होंने बेटे को फंदे पर लटका देखा। पुलिस के अनुसार आदर्श अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। माता-पिता का वर्षों पहले तलाक हो चुका था, जिसके बाद वह मामा के परिवार के साथ रह रहे थे।
शिक्षा ऋण और पढ़ाई के दबाव से परेशान था इंजीनियरिंग छात्र
हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर निवासी 20 वर्षीय राजकुमार कुशवाह ने भी गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार वह हैदराबाद स्थित एनआईटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के लिए उसने करीब छह लाख रुपये का एजुकेशन लोन लिया था।
बताया गया कि प्रथम वर्ष में पढ़ाई प्रभावित होने के बाद वह अपने गांव चंपारण (बिहार) लौट गया था। शिक्षा ऋण और पढ़ाई के दबाव के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। कुछ दिन पहले उसका परिचित हरपाल उसे इंदौर लेकर आया था, लेकिन यहां भी वह परेशान रहता था। गुरुवार को हरपाल काम पर गया था, उसी दौरान राजकुमार ने यह कदम उठा लिया।
पत्नी के निधन के बाद तनाव में था एमपी ऑनलाइन सेंटर संचालक
आजाद नगर थाना क्षेत्र के मूसाखेड़ी निवासी 45 वर्षीय गजेंद्र पुत्र माधवलाल ने भी गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार रात में उनके भाई ने उनका शव फंदे पर लटका हुआ देखा।
गजेंद्र एमपी ऑनलाइन सेंटर का संचालन करते थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी पत्नी का बीमारी के कारण निधन हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगे थे। घटना के समय उनके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस कर रही जांच
तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
Thank you for reading this post!
