इंदौर। नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान में इंदौर ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में 8,534 लोगों ने एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस दौरान इंदौर पुलिस ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसमें पहले 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला दर्ज की गई थी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। हजारों लोगों की सहभागिता ने यह साबित किया कि इंदौर नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चला रहा है।
कार्यक्रम में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से एडिटर अपूर्वा मेनन और पलाश शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह को नए रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र सौंपा।
एक ही आयोजन में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा
इस आयोजन की खास बात यह रही कि मानव श्रृंखला के रिकॉर्ड के साथ-साथ पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने एक साथ 8,534 से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के आधार पर भी दूसरे वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया। इस तरह इंदौर पुलिस ने एक ही कार्यक्रम में दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की।
‘नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की जिम्मेदारी’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को भी जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जब नागरिक, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और प्रशासन एक साथ मिलकर प्रयास करते हैं, तभी नशामुक्त समाज का सपना साकार हो सकता है।
दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और समाज में जनजागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, सभी पुलिस उपायुक्त, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षु चिकित्सकों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
इंदौर पुलिस का “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान लगातार स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंचकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रहा है। यह आयोजन अभियान की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है।
Thank you for reading this post!
