इंदौर। ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित पटेल ब्रिज पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब नगर निगम का पानी से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि टैंकर के ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टैंकर ने सड़क पर चल रही एक कार, दो बाइकों और कई ठेलों को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर के बेकाबू होते ही चालक ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और लोगों की जान बचाने के लिए वाहन को फुटपाथ की ओर मोड़ दिया। उसकी तत्परता के चलते टैंकर समय रहते रुक गया और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस दौरान कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 3 से 4 कारें और 2 बाइकें क्षतिग्रस्त हुई हैं। हादसे में वाहन में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद हंगामा, चालक मौके से फरार
घटना के बाद पटेल ब्रिज क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने टैंकर पर अपना गुस्सा उतारते हुए उसमें तोड़फोड़ कर दी। वहीं, दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Thank you for reading this post!
