इंदौर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर श्री माहेश्वरी समाज पूर्वी क्षेत्र, श्री लक्ष्मी माहेश्वरी महिला संगठन पूर्वी क्षेत्र, श्री माहेश्वरी युवा संगठन पूर्वी क्षेत्र, मारवाड़ी माहेश्वरी प्रगति मंडल एवं बांगड़ मेडिकल वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून, रविवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन मेडीकेयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सहयोग से गीता भवन मंदिर परिसर में प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।
पूर्वी युवा संगठन के अध्यक्ष मधुरम् राठी एवं मंत्री अरविंद करनाणी ने बताया कि यह शिविर सर्वधर्म समाज के लिए खुला रहेगा तथा कोई भी स्वस्थ व्यक्ति इसमें भाग लेकर रक्तदान कर सकता है। रक्तदाताओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था अमरचंद सोनी जोधपुर कैटरर्स के सौजन्य से की जाएगी।
श्री माहेश्वरी समाज पूर्वी क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. चंद्रप्रकाश हेड़ा एवं मंत्री सीए डॉ. ओमप्रकाश माहेश्वरी ने कहा कि रक्त न तो किसी फैक्ट्री में बनाया जा सकता है और न ही किसी अन्य माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। यह केवल एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को ही मिल सकता है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का अवसर प्राप्त होता है।
महिला संगठन की अध्यक्ष अंजना बाहेती एवं मंत्री सोनाली न्याती ने बताया कि शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं की निःशुल्क ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। साथ ही उन्हें आकर्षक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
मारवाड़ी माहेश्वरी प्रगति मंडल के अध्यक्ष रामकिशोर राठी एवं मंत्री मनोज धूत ने कहा कि रक्तदान से एकत्रित रक्त ब्लड बैंक के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जाता है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने समाजजनों से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
शिविर के संयोजक मंडल में प्रीती उज्ज्वल चांडक, अम्बिका प्रवीण बिहानी, मोहित मूंदड़ा, कार्तिक हेड़ा, सीए अर्पण माहेश्वरी एवं पुनीत सोनी शामिल हैं। समाज के राकेश लखोटिया, शैलेश सोड़ानी, महेश लढ़ा, प्रकाश लखोटिया, सीए मनोज राठी, सीए चिराग परतानी एवं श्याम मूंदड़ा सहित अन्य समाजजनों ने भी अधिकाधिक रक्तदान करने की अपील की है।
Thank you for reading this post!
