इंदौर की सड़कों पर जमा होने लगा कचरा, कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित
इंदौर। नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर इंदौर नगर निगम के सफाईकर्मियों की कामबंद हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार से शुरू हुए कामबंद आंदोलन के बाद कई इलाकों में कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। बुधवार को भी कई स्थानों पर सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर कचरा जमा नजर आया।
एमआईजी थाना क्षेत्र के सामने नेहरू नगर, विकास नगर, अमर टेकरी और रुस्तम का बगीचा सहित आसपास के इलाकों में कचरा जमा होने की सूचना सामने आई। कई स्थानों पर गीला और सूखा कचरा सड़कों पर दिखाई दिया। इससे रहवासियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नियमितीकरण समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन
सफाईकर्मी नियमितीकरण, समान काम-समान वेतन और अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में सफाईकर्मी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। चार प्रमुख पंचायतों के पदाधिकारियों ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के निराकरण की मांग की।
सफाईकर्मी प्रतिनिधियों ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर 2 से 4 दिन में समाधान नहीं हुआ तो शहरव्यापी हड़ताल को आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं निगम प्रशासन की ओर से बताया गया है कि स्थानीय स्तर से जुड़ी मांगों पर प्रक्रिया की गई है, जबकि राज्य शासन से संबंधित मामलों को आगे भेजा गया है।
निगम ने 44 कर्मचारियों की बहाली की
इस बीच नगर निगम की ओर से 44 हटाए गए कर्मचारियों की बहाली किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बावजूद सफाईकर्मियों का आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और सफाई व्यवस्था पर इसका असर बना हुआ है।
स्वच्छता की पहचान वाले इंदौर के सामने चुनौती
इंदौर की पहचान देश के स्वच्छ शहरों में रही है। ऐसे में सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण सड़कों पर कचरा जमा होना नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। यदि आंदोलन लंबा चलता है तो शहर में कचरा संग्रहण और नियमित सफाई व्यवस्था पर इसका असर और बढ़ सकता है।
Thank you for reading this post!
