खजराना गणेश का 7 करोड़ के स्वर्ण आभूषणों से श्रृंगार, द पार्क में विराजे ‘द पार्क के राजा’
बड़ा गणपति मंदिर में 101 किलो लड्डुओं का भोग, द पार्क इंदौर में डेढ़ दिन तक चलेगा आस्था और उत्सव
इंदौर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को पूरे इंदौर में आस्था और उत्साह का माहौल रहा। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश का करीब 7 करोड़ रुपए के स्वर्ण आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर भगवान को सवा लाख मोदकों का भोग अर्पित किया गया।
वहीं, शहर के प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। यहां भगवान गणेश को 101 किलो लड्डुओं का भोग लगाया गया। गणेश चतुर्थी को देखते हुए प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इसी बीच, द पार्क इंदौर में भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। होटल में विराजे भगवान गणेश को ‘द पार्क के राजा’ नाम दिया गया है। यहां गणेश प्रतिमा की स्थापना डेढ़ दिन के लिए की गई है। उत्सव को आस्था, शांति, सामुदायिक खुशहाली और विश्व कल्याण की भावना के साथ मनाया जा रहा है।
इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा बनी आकर्षण
द पार्क इंदौर ने इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा स्थापित की है। यह प्रतिमा पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से तैयार की गई है, ताकि विसर्जन के दौरान जल स्रोतों और इकोसिस्टम पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इस अवसर पर द पार्क इंदौर के जनरल मैनेजर अमित भाटिया ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, समृद्धि, शुभता और विघ्नहर्ता के प्रतीक हैं। गणेशोत्सव के माध्यम से संपूर्ण समुदाय की शांति और समृद्धि के साथ विश्व कल्याण की कामना की जाती है।
उन्होंने कहा कि परंपराओं का सम्मान करने के साथ पर्यावरण की रक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ इको-फ्रेंडली ‘द पार्क के राजा’ की स्थापना की गई है, जिससे आस्था और प्रकृति संरक्षण को साथ लेकर चला जा सके। यह पहल आस्था, समुदाय, स्थिरता और विश्व कल्याण की भावना को एक साथ जोड़ते हुए उत्सव मनाने की होटल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर इंदौर के मंदिरों और विभिन्न संस्थानों में धार्मिक आयोजन, पूजा-अर्चना और विशेष भोग के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शहर में गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
Thank you for reading this post!
