इंदौर। वार्ड क्रमांक 9 में बिजली का पोल लगाने को लेकर भाजपा पार्षद राहुल जायसवाल और भजन गायक गन्नू महाराज के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों के बीच पोल की ऊंचाई और उसके स्थान को लेकर बहस होती नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार, मामला कमला नेहरू कॉलोनी स्थित संस्कार भवन और योग केंद्र के आसपास का है। यहां नगर निगम कर्मचारियों द्वारा बिजली का पोल लगाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान पोल की ऊंचाई को लेकर गन्नू महाराज और पार्षद राहुल जायसवाल के बीच विवाद हो गया।
वायरल वीडियो में गन्नू महाराज निगम कर्मचारियों से पोल को करीब 10 फीट की ऊंचाई पर लगाने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वे 8 फीट की ऊंचाई पर पोल लगाए जाने का विरोध करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हैं। वीडियो में वे हाथ जोड़कर अपनी बात रखते हुए भी नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गन्नू महाराज का घर संस्कार भवन के सामने है, जहां उनके और किराएदारों के वाहन खड़े होते हैं। इसी को लेकर उन्होंने पोल की ऊंचाई और स्थान पर आपत्ति जताई।
वहीं, पार्षद राहुल जायसवाल का कहना है कि क्षेत्र में बच्चों को संस्कार और योग की शिक्षा देने के उद्देश्य से संस्कार भवन व योग केंद्र का निर्माण कराया गया है। उनका आरोप है कि इसके निर्माण को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी और इसे रोकने के प्रयास किए गए थे।
मामले को लेकर स्थानीय रहवासियों की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Thank you for reading this post!
