इंदौर। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर विधायकों, पूर्व विधायकों और प्रदेश के प्रमुख नेताओं सहित करीब 60 कांग्रेस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से होटल तक जगह-जगह मंच लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया गया। होटल में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं।
शाम साढ़े पांच बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। शिक्षा, रोजगार और युवा मुद्दों पर केंद्रित इस कार्यक्रम में गायक राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल प्रस्तुति देंगे। जेन-जी को लक्षित करते हुए 35 वर्ष तक की उम्र के युवाओं को इसमें शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने करीब 20 दिनों से आयोजन की तैयारियां और युवाओं का पंजीकरण कराया है। शुक्रवार शाम तक स्थानीय प्रशासन से अनुमतियां और फायर-इलेक्ट्रिक एनओसी को लेकर नेताओं की भागदौड़ जारी रही। एनओसी न मिलने को कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक यातना बताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि सरकारी विभागों के अधिकारियों को निरीक्षण कर एनओसी और पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करना था, लेकिन निरीक्षण न होने से प्रक्रिया अटकी हुई है।
इंदौर में हो रहा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इस श्रृंखला का देश में पांचवां आयोजन है। इससे पहले कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। राहुल गांधी दोपहर इंदौर पहुंचे। शाम 5:30 से रात 8:15 बजे तक आयोजन स्थल पर रहेंगे और रात को ही दिल्ली लौट जाएंगे।
कार्यक्रम की खास बातें
- राहुल गांधी विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। शिक्षा और रोजगार मुख्य विषय रहेंगे।
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: राघव चैतन्य, लशकरी और विकास अनबिटेबल मंच पर होंगे।
- आयोजन में कांग्रेस के झंडे और चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
- 35 वर्ष तक की उम्र सीमा के साथ जेन-जी युवाओं को जोड़ा जा रहा है।
- मंच पर राहुल गांधी अकेले संबोधन देंगे।
- पुलिस की शर्तों के अनुसार रूट, पार्किंग और आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं की गई हैं।
Thank you for reading this post!
