हरदा हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट होने से बढ़ा भारी वाहनों का दबाव, TPS-5 के काम से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे
इंदौर। कनाड़िया बायपास सिग्नल से शंखेश्वर पार्श्वनाथ कॉलोनी की ओर जाने वाली अप्रोच रोड की खराब हालत से रहवासी परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिसके चलते दोपहिया वाहन चालकों और छोटी कारों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने सड़क की जल्द मरम्मत नहीं होने पर दुर्घटनाओं की आशंका जताई है।
रहवासियों के मुताबिक, हरदा हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट होने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। इसके अलावा TPS-5 के विकास कार्यों के चलते भी भारी वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा है। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं और सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
IDA अध्यक्ष को सौंपा पत्र
सड़क की समस्या को लेकर शंखेश्वर पार्श्वनाथ रहवासी सहकारी संस्था मर्यादित, इंदौर की ओर से 28 सितंबर 2026 को इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के अध्यक्ष को पत्र सौंपा गया। पत्र में बताया गया कि कनाड़िया बायपास सिग्नल से कॉलोनी के बाहर मुख्य मार्ग तक जाने वाली अप्रोच रोड पर भारी वाहनों और फोरव्हीलर वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
रात में दुर्घटना का खतरा
रहवासियों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है, जबकि छोटी कारों को भी गड्ढों से बचकर निकलना पड़ रहा है। रात के समय सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
जल्द मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग
कॉलोनीवासियों ने इंदौर विकास प्राधिकरण से अप्रोच रोड का जल्द निरीक्षण कराने और आवश्यक सुधार एवं निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। साथ ही भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क को हो रहे नुकसान को देखते हुए केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान किए जाने की मांग की गई है।
Thank you for reading this post!
