प्रतीक सेतु की रेलिंग तोड़कर पलटी; रेलवे ट्रैक के पास हुआ हादसा
इंदौर। शहर में देर रात एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर प्रतीक सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसा राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रात करीब 3:30 बजे हुआ। थार के नीचे गिरने के बाद पलट जाने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ब्लैक कलर की थार अन्नपूर्णा क्षेत्र से बिजलपुर की ओर जा रही थी। प्रतीक सेतु पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। थार सीधे ब्रिज की रेलिंग से टकराई और उसे तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। नीचे गिरने के बाद वाहन पलट गया।
कार में फंसे थे चार लोग
हादसे के बाद थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के दौरान वाहन के एयरबैग भी खुल गए। कार पलटने के कारण उसमें सवार चार लोग अंदर फंस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है।
सड़क पर नहीं था कोई वाहन, बड़ा हादसा टला
हादसे के समय प्रतीक सेतु पर सड़क पर कोई अन्य वाहन नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। थार जिस जगह नीचे गिरी, उसके पास रेलवे ट्रैक भी मौजूद है। यदि उस समय कोई अन्य वाहन या ट्रेन की आवाजाही होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
चालक नशे में था या नहीं, जांच जारी
एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार, हादसा देर रात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु पर हुआ। ब्लैक कलर की थार करीब 50 फीट नीचे गिरी थी। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय थार चालक नशे में था या नहीं।
Thank you for reading this post!
