500+ स्टॉल पर दिखेंगी नई तकनीकें
प्लास्ट पैक 2026 में 450 से अधिक प्रदर्शक होंगे शामिल, 2 लाख से ज्यादा विजिटर्स आने की संभावना
इंदौर। मध्य भारत के प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग को नई तकनीकों और कारोबार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्लास्ट पैक 2026 का आयोजन 27 से 30 नवंबर तक इंदौर के लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में किया जाएगा। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (IPPF) द्वारा आयोजित इस बी2बी औद्योगिक प्रदर्शनी में 500 से अधिक स्टॉल और 450 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, देश के 8 से अधिक राज्यों से 2 लाख से ज्यादा विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है।
प्रदर्शनी में प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग से जुड़ी मशीनरी, कच्चे माल, रीसाइक्लिंग तकनीक, पैकेजिंग समाधान और ऑटोमेशन से जुड़ी नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में बायोप्लास्टिक, जीरो-वेस्ट पैकेजिंग और एआई आधारित प्रोसेसिंग जैसी तकनीकों पर विशेष फोकस रहेगा।
इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि प्लास्ट पैक मध्य भारत के प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग के लिए महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय निर्माताओं को राष्ट्रीय स्तर के सप्लायर्स से जोड़ना और उद्योग के सामने आ रही नई तकनीकों व समाधानों को प्रदर्शित करना है। इस बार आयोजन में स्थिरता और नवाचार को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
100% कंपोस्टेबल प्लास्टिक से एआई रीसाइक्लिंग तक
प्लास्ट पैक 2026 में पर्यावरण अनुकूल और स्मार्ट तकनीकों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें 100% कंपोस्टेबल प्लास्टिक, वाटर-सॉल्यूबल फिल्म्स, पेपर-बेस्ड पैकेजिंग, ऑल-इलेक्ट्रिक इंजेक्शन मोल्डिंग मशीनें, एआई आधारित रीसाइक्लिंग प्लांट और स्मार्ट पैकेजिंग सामग्री प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके साथ ही ऑटोमेशन, रोबोटिक्स और एआई इंटीग्रेशन के जरिए पैकेजिंग और प्रोसेसिंग को किस तरह अधिक दक्ष बनाया जा सकता है, इसका भी प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।
23 औद्योगिक शहरों में रोड शो
आयोजन को लेकर देश के 23 औद्योगिक शहरों में रोड शो किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी परिसर में उद्यमियों के लिए सरकारी हेल्पडेस्क और स्टार्टअप जोन भी बनाए जाएंगे। यहां उद्योगों को सरकारी योजनाओं, निवेश, सब्सिडी और अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इंदौर-मालवा को मिलेगा औद्योगिक गतिविधियों का फायदा
आयोजकों के अनुसार, प्लास्ट पैक 2026 से मालवा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और स्थानीय एमएसएमई इकाइयों के तकनीकी अपग्रेडेशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कारोबारी प्रतिनिधियों और प्रदर्शकों के कारण इंदौर के होटल, ट्रैवल, खानपान और इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र को भी कारोबार मिलने की संभावना है।
प्रदर्शनी से इंदौर के लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन नेटवर्क को भी लाभ मिलने की बात कही गई है। इससे मशीनरी और कच्चे माल से जुड़े कारोबार के लिए नए संपर्क विकसित हो सकते हैं।
युवाओं के लिए जॉब और प्लेसमेंट प्रोग्राम
प्लास्ट पैक 2026 के दौरान युवाओं के लिए विशेष जॉब प्लेसमेंट एंड रिक्रूटमेंट प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की प्लास्टिक, पैकेजिंग और संबद्ध उद्योगों के वरिष्ठ अधिकारी और उद्यमी शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, प्लेसमेंट, उद्योग से जुड़ने और उद्यमिता के अवसरों से सीधे जोड़ना है।
स्थानीय नवाचारों को मिलेगा मंच
प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश में विकसित किए जा रहे नए उत्पादों और तकनीकों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इंदौर में स्थापित नए उद्योगों और उद्यमों द्वारा विकसित उत्पादों के लॉन्च के लिए भी मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि इसके जरिए प्रदेश में हो रहे औद्योगिक विकास, स्थानीय नवाचार और नए उद्यमों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सरकारी संस्थानों की भी भागीदारी
प्लास्ट पैक 2026 को मध्य प्रदेश शासन और विभिन्न संस्थागत निकायों का सहयोग मिलने की बात कही गई है। MPIDC, MSME विभाग, CIPET, PMMAI और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जैसे संस्थानों के प्रतिनिधि औद्योगिक निवेश, सब्सिडी योजनाओं, कौशल विकास, अनुसंधान और ईपीआर अनुपालन से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे।
आयोजन की तैयारियों में IPPF की मैनेजिंग कमिटी सक्रिय रूप से जुटी है। चेयरमैन जाहिद शाह के साथ सचदेवा, अंकित भारुका, मेहुल ठक्कर, प्रमोद सोमानी, विशाल सोनी, प्रवीण गुप्ता, संदीप ठाकुर, पर्वा ओचानी, अभिषेक कासट और अजय जायसवाल सहित टीम के सदस्य आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, प्लास्ट पैक 2026 के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग, रीसाइक्लिंग और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने के साथ उद्योग, युवाओं और नए उद्यमों के लिए कारोबार एवं रोजगार के अवसरों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
Thank you for reading this post!
